लोधेश्वर महादेव धाम: कॉरिडोर निर्माण के लिए गरजा बुलडोजर, कई घर जमींदोज
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेव धाम को भव्य स्वरूप देने के लिए चल रहे कॉरिडोर निर्माण कार्य में प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्ग के दाहिनी ओर स्थित कई मकानों पर बुलडोजर चलाया। दोपहर लगभग 2 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में चंद्रेश द्विवेदी, अरविंद गुप्ता, रवि गुप्ता, शेर मोहम्मद, सुंदर वाल्मीकि सहित कई लोगों के मकान ध्वस्त किए गए।
लोक निर्माण विभाग द्वारा पूर्व में किए गए माप-जोख और नोटिस के बाद रजिस्ट्री पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। जिन मकान मालिकों ने रजिस्ट्री पूरी कर ली थी, उनके मकानों को गिरा दिया गया। अब तक लगभग 90 से अधिक मकान और दुकानें गिराई जा चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार कुल 147 संपत्तियों को हटाया जाना है, जिनमें से कुछ रजिस्ट्री विवादित होने के चलते न्यायालय में लंबित हैं। ऐसे मामलों में सरकार द्वारा अधिग्रहण प्रक्रिया अपनाई जाएगी। कॉरिडोर निर्माण को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है, जिसे निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
तहसीलदार विपुल सिंह नायक व विजय प्रकाश तिवारी द्वारा लोगों को रजिस्ट्री कराने की अपील की जा रही है, वहीं लेखपाल संतोष कुमार ने बताया कि रजिस्ट्री विवाद के कारण कुछ देर जरूर हो रही है, लेकिन शेष संपत्तियों पर भी जल्द ही कार्रवाई पूरी की जाएगी।
