UP : पहले प्यार और शादी का दिखाया सपना, फिर मैट्रिमोनियल एप पर झांसा देकर साढ़े तीन लाख ठगे

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रेमनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की मैट्रिमोनियल एप के जरिए एक युवक से मुलाकात हुई। युवक ने पहले प्यार और शादी का सपना दिखा कर जाल में फंसाया और साढ़े तीन लाख रुपये ठग लिए। एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

युवती के मुताबिक आनंद प्रकाश से उनकी मुलाकात जीवनसाथी डॉट कॉम एप पर हुई। उसने खुद को कृष्णा नगर, लखनऊ का रहने वाला बताया। आरोप है कि कुछ ही दिनों में उसने भावनात्मक बातें करके उनका भरोसा जीत लिया और शादी का वादा किया। इसके बाद कभी पारिवारिक परेशानी, तो कभी इलाज का बहाना बनाकर रुपये मांगना शुरू कर दिया। युवक अब तक साढ़े तीन लाख रुपये ले चुका है। वह अक्सर उससे मिलने के लिए बरेली जंक्शन पर आता-जाता रहता था। 

वह भी उससे मिलने के लिए लखनऊ चारबाग स्टेशन पर जाती थी। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी हर बार मिलने पर सिर्फ उपहार या रुपये लेकर गायब हो जाता। उसने कभी रिश्ते को गंभीरता से नहीं निभाया। आरोपी ने कई बार अपनी बहन हर्षा सिंह और दोस्तों अमिषा सिंह और अब्दुल्ला मिर्जा से भी मुलाकात कराई थी, ताकि विश्वास और मजबूत हो सके। 

शुरुआत में जब उसने पुलिस से मदद मांगी तो चौकी इंचार्ज ने आरोपी से फोन पर बातचीत भी कराई थी। उस वक्त उसने रुपये लौटाने का वादा किया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसका व्हाट्सएप अकाउंट डिलीट हो गया और फोन नंबर भी बंद हो गए। अब एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।

ये भी पढ़ें-Bareilly : खेत की तूताबंदी करने को मांगी रिश्वत, पांच हजार लेते नक्शानवीस रंगे हाथ गिरफ्तार

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज