यूपी रोडवेज में AC बसों का नहीं बढ़ाया जाएगा किराया...मिली छूट, डबल डेकर बस का सफल ट्रायल
लखनऊ, अमृत विचारः उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से यात्रियों को वातानुकूलित बसों के किराये में छूट की अवधि को बढ़ा दी गई है। 30 सितंबर तक के लिए लागू की गई छूट अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। ये निर्णय प्रबंध निदेशक के अनुमोदन पर लिया गया है। पूर्व में विभिन्न परिपत्रों एवं पत्राचारों के माध्यम से यह छूट लागू की गई थी, जिनमें 24.12.2024, 08.01.2025, 21.03.2025 तथा 30.04.2025 को जारी पत्र सम्मिलित हैं। 6 फरवरी 2023 को जारी निर्देशों के अनुसार, 01 जनवरी 2024 के बाद पंजीकृत नई वातानुकूलित बसों के लिए किराये की दरें पूर्ववत लागू रहेंगी। किराये की राशि को 100 पैसे (यानी 1 रुपये) के निकटतम पूर्णांक में पूर्णाकृत किया जाएगा।
यह हैं निर्धारित नई किराया दरें (पैसे प्रति यात्री प्रति किमी
सामान्य सेवा: 130 पैसे
जनरथ 3x2: 163.86 पैसे
जनरथ 2x2: 193.76 पैसे
वातानुकूलित स्लीपर: 258.78 पैसे
हाई एंड वाल्वो, स्कैनिया: 286.14 पैसे
निगम ने क्षेत्रीय प्रबंधकों, सेवा प्रबंधकों, डिपो प्रभारियों और वित्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि गत वर्ष की तुलना में निगम की सकल आय में कमी न आने पाए। इसके लिए वातानुकूलित बसों पर तैनात चालकों एवं परिचालकों की विशेष काउंसलिंग कर अधिक से अधिक यात्रियों को सेवा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। यह निर्णय यात्रियों को राहत प्रदान करने के साथ-साथ निगम की आय को स्थिर बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। परिवहन निगम का यह कदम आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।
ट्रॉयल के लिए कमता से अयोध्या तक चली डबल डेकर बस
.jpg)
राजधानीवासियों का डबल डेकर बस में सफर करने का सपना जल्द ही साकार होने वाला है। मंगलवार को कमता स्टेशन से अयोध्या तक बस का ट्रायल किया गया। अगले महीने तक बाराबंकी में चार्जिंग स्टेशन तैयार हो जाएगा। उसके कुछ ही दिन बाद इन बसों का संचालन शुरू होने की संभावना है। परिवहन निगम ने ट्रॉयल में बस की गति, संतुलन, तकनीकी उपकरणों और मार्ग की उपयुक्तता को परखा।
क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि ट्रायल के दौरान पूरे मार्ग का निरीक्षण कर आने वाली बाधाओं को भी चिन्हित किया गया है। अधिकारियों ने बस की सुविधाओं और सुरक्षा उपायों की भी समीक्षा की। डबल डेकर बस सेवा के शुरू होने से यात्रियों को आरामदायक और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही पर्यावरण के अनुकूल इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।
ये भी पढ़े :
फोन लगाओ, विसर्जन के लिए घर आकर पूजन सामग्री ले जाएगी आस्था एक्सप्रेस, नगर निगम की अनूठी पहल, जारी किए नंबर
