UP: डबल डेकर बस बनी आग का गोला...बाल-बाल बचे 100 यात्री, मची चीख पुकार

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। दिल्ली से सीतापुर जा रही एक निजी डबल डेकर बस बुधवार की सुबह अचानक आग की लपटों में घिर गई। कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि सभी यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस दिल्ली से सीतापुर की ओर जा रही थी। उसमें करीब 100 यात्री सवार थे। सुबह करीब पांच बजे बस मैगलगंज कस्बे के मुख्य बाजार के पास रुकी थी। चालक और परिचालक ने सवारियों को जलपान के लिए उतरवाया था। इसी बीच बस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। जब तक चालक और राहगीर कुछ समझ पाते, बस के निचले हिस्से में आग फैल गई और देखते ही देखते पूरी बस आग का गोला बन गई।

आग की लपटों को देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। कस्बे के व्यापारियों और राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए सवारियों को सुरक्षित दूरी पर पहुंचाया और पास की दुकानों से बाल्टियों में पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था और यात्रियों का सामान, बैग, मोबाइल, नकदी सहित अन्य वस्तुएं खाक हो गईं। बस चालक ने बताया कि बस का इंजन ओवरहीट हो रहा था, संभवतः शॉर्ट सर्किट से आग लगी। घटना के बाद यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य तक भेजा गया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि अगर आग बस के चलने के दौरान लगती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। कस्बेवासियों की तत्परता और सूझबूझ से सभी सवारियों की जान बच गई।

संबंधित समाचार