सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के फ्लैटों की लॉटरी 10 नवंबर से... अभी भी है ऑनलाइन पंजीकरण कराने का मौका

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

डालीबाग में एलडीए ने बनाए हैं 72 ईडब्ल्यूएस फ्लैट

लखनऊ, अमृत विचार: डालीबाग स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के भवनों की लॉटरी 10 एवं 11 नवम्बर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है। आवेदकों की उपस्थिति में लॉटरी ड्रा की पर्चियां निकाली जाएंगी। पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण किया जाएगा।

डालीबाग में माफिया मुख्तार अंसारी के अवैध कब्जे से खाली करायी गयी लगभग 2,314 वर्गमीटर भूमि पर एलडीए ने सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना लांच की है। एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि योजना में ग्राउंड प्लस थ्री स्ट्रक्चर के 3 ब्लॉक में 36.65 वर्गमीटर क्षेत्रफल के कुल 72 फ्लैट बनाये गये हैं। 20 मीटर चौड़ी बंधा रोड पर स्थित इस योजना से बालू अड्डा, 1090 चौराहा, नरही, सिकन्दरबाग एवं हजरतगंज चौराहा महज पांच से 10 मिनट की दूरी पर है। 

ईडब्ल्यूएस श्रेणी के इन भवनों की कीमत 10.70 लाख रुपये रखी गयी है। योजना में स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था व दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है। योजना के लिए अभी तक 1658 लोगों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि इच्छुक लोग 3 नवंबर तक एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से भवनों के लिए पंजीकरण करा सकते हैं।

संबंधित समाचार