Assembly Election Results : बंगाल-असम में भाजपा को निर्णायक बढ़त, तमिलनाडु में TVK का धमाकेदार प्रदर्शन, केरलम में फिर कांग्रेस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कोलकाता/चेन्नई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सोमवार को पश्चिम बंगाल में पहली बार जीत हासिल करने की ओर अग्रसर है और असम में एक बार फिर सरकार बनाने के लिए तैयार है। वहीं, अभिनेता-नेता विजय की टीवीके ने तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में शानदार शुरुआत कर धमाकेदार प्रदर्शन किया है। केरल में कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने एलडीएफ पर बढ़त बनाई है।

यूडीएफ ने 140 विधानसभा सीटों में से 101 सीटों पर जीत हासिल की या उनमें बढ़त है जबकि माकपा नेतृत्व वाला सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) लगभग 40 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे है। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी रहने के बीच, पूर्वी भारत भगवा रंग में रंगता नजर आ रहा है। विधानसभा चुनाव 2026 में सबकी नजर पश्चिम बंगाल पर रही, जहां ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी का लंबे समय से दबदबा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया! 2026 का पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। जनता की शक्ति की जीत हुई है और भाजपा की सुशासन की राजनीति विजयी हुई है।'' उन्होंने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित होने वाले भव्य समारोह से पहले कहा, ''मैं पश्चिम बंगाल के प्रत्येक नागरिक को नमन करता हूं।

जनता ने भाजपा को शानदार जनादेश दिया है और मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। हम ऐसी सरकार प्रदान करेंगे जो समाज के सभी वर्गों को अवसर और सम्मान सुनिश्चित करे।'' निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा ने 294 सीटों में से 195 सीटों पर जीत हासिल की या आगे चल रही थी, जो 147 के जादुई आंकड़े से काफी अधिक है।

तृणमूल कांग्रेस के खाते में 90 सीटें जाती दिख रही हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के बीच अपने पार्टी उम्मीदवारों और एजेंटों से मतगणना केंद्र छोड़कर नहीं जाने की अपील की। बनर्जी ने मतगणना के बीच जारी एक वीडियो संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और मनोबल नहीं गिराने की अपील की।

उन्होंने कहा, ''मैं सभी से अपील करती हूं कि तृणमूल उम्मीदवार और मतगणना एजेंट मतगणना केंद्र छोड़कर नहीं जाएं।'' मतगणना से पहले कई 'स्ट्रॉन्गरूम' के बाहर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच तना-तनी देखने को मिली। चुनाव प्रक्रिया के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के 2.5 लाख से अधिक जवानों को राज्य पुलिस के साथ तैनात किया गया है। भवानीपुर में बनर्जी को चुनौती दे रहे विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आत्मविश्वास से कहा, ''भाजपा सरकार बनाएगी।''

वहीं, असम में भी चुनावी प्रक्रिया काफी गहमा-गहमी भरी रही। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में भाजपा 126 में से 81 सीटों पर बढ़त के साथ फिर जीत की ओर बढ़ती दिख रही है, जबकि कांग्रेस 19 सीटों पर सिमटती दिख रही है। तमिलनाडु में अभिनय से राजनीति में कदम रखने वाले विजय के नेतृत्व वाली नवगठित पार्टी टीवीके चुनावी मैदान में अप्रत्याशित प्रदर्शन कर रही है।

तमिलनाडु में टीवीके 109 सीट पर आगे है और द्रविड़ दलों द्रमुक और अन्नाद्रमुक को पीछे छोड़ रही है। सत्ताधारी द्रमुक 61 सीटों पर और अन्नाद्रमुक 44 सीटों पर आगे है। द्रमुक के शीर्ष नेता एवं मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन चुनाव हार गए हैं और कई मंत्री अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से पीछे चल रहे हैं। केरल में मतगणना के रुझानों के अनुसार कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है, जो मतदान के बाद के सर्वेक्षण (एग्जिट पोल) के अनुमानों के अनुरूप है।

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि आंकड़े राज्य में यूडीएफ के पक्ष में रुझान का संकेत दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यूडीएफ 140 सदस्यीय विधानसभा में 100 सीटों का आंकड़ा पार कर लेगा। केरल में पार्टी के शानदार प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस महासचिव एवं वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने राज्य की जनता को उनके पुरजोर समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। पुडुचेरी में, ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस ने 30 में से 11 सीटों पर जीत हासिल की या आगे चल रही थी जबकि द्रमुक को पांच और भाजपा को चार सीटें मिलीं। टीवीके ने तीन सीटें जीतकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। 

संबंधित समाचार