शाहजहांपुर: दलित उत्पीड़न के विरोध में संगठनों का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन
शाहजहांपुर, अमृत विचार। अनुसूचित जाति-जनजाति महासंघ के बैनर तले विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में खिरनी बाग जीआईसी ग्राउंड पर एकत्र हुए, जहां सभा आयोजित कर दलित उत्पीड़न की घटनाओं पर कड़ा विरोध जताया गया। महासंघ के संयोजक जगदीश चंद्र ने कहा कि देश और प्रदेश में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिन पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। पंचशील सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि सांसद अरुण कुमार सागर के परिवार को जातिसूचक गालियां देना, संसद में जाकर गोली मारने की धमकी देना और उनके बेटे पर हमला करना पूरे दलित समाज का अपमान है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एससी-एसटी बेसिक शिक्षा संघ के कोषाध्यक्ष और महासंघ के सहसंयोजक सियाराम दिनकर ने कहा कि सांसद और उनके परिजनों को गाली व धमकी देने वाले अभियुक्तों पर जीरो टॉलरेंस के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। सभा के बाद सभी लोग नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार को सौंपा।
ज्ञापन में सांसद अरुण कुमार सागर और उनके परिजनों को विशेष सुरक्षा देने, सांसद के पुत्र अंकित सागर पर जान से मारने की नीयत से अवैध असलाह से फायर करने वाले अभियुक्तों पर कार्रवाई, जातिसूचक गालियां देने वाले राघवेन्द्र सिंह उर्फ नीटू सिंह पर एनएसए लगाकर परिवार के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने, सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले अरविन्द सिंह चौहान पर एनएसए लगाकर उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने, अभियुक्तों की संपत्ति की जांच कर अवैध निर्माण ध्वस्त करने और अवैध आय से अर्जित संपत्ति जब्त करने की मांग की गई।
ज्ञापन देने वालों में अनुसूचित जाति जनजाति बेसिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अजय कुमार वर्मा, भारतीय बहुत महासभा के प्रांतीय संयुक्त मंत्री महेंद्र सिंह दिनकर, बुद्ध विहार समिति के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद, अरविंद वर्मा, लालमन, भारत पाल सिंह, वेदपाल सुमन, महेश सागर, संतोष चौधरी, विनीत सागर, पंकज कुमार, अरुण कुमार, अनूप, शेर बहादुर, योगेश, कमलेश कुमार सागर, रामपाल, मातादीन वर्मा, खुशीराम, बृजेश कुमार वर्मा, नीरज कुमार, धर्मेंद्र भारती, विनोद सम्राट, राजीव कुमार वर्मा, अनिल भास्कर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
