Moradabad: प्रेमिका का थाने में हाईवोल्टेज ड्रामा...दूसरे समुदाय के प्रेमी संग शादी की जिद पर अड़ी
पाकबड़ा, अमृत विचार। प्रेमी-प्रेमिका के बीच प्रेम प्रसंग का मामला थाना पर पहुंच गया। घर से निकल कर थाने में पहुंची प्रेमिका प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ गई। पुलिस ने उसके प्रेमी को बुलाया, इसी बीच सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। प्रेमिका को मनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी और प्रेमी के साथ शादी की जिद पर अड़ी रही। बाद में परिजनों की मान-मनौव्वल के बाद घर चलने को राजी हो गई।
थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला सामने आया है जिसमें लड़का और लड़की में काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने प्रेमिका की शादी एक दिन पहले ही जाकर कहीं और तय कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही लड़की मंगलवार की सुबह घर से निकलकर थाना में पहुंच गई। पुलिस से प्रेमी से ही शादी करने की जिद की, कहा उसके प्रेमी को बुलाया जाए। पुलिस ने प्रेमी को बुलवाकर उससे बात की। इसी बीच लड़की के परिवार वाले भी पहुंच गए। मामला अलग-अलग समुदाय का होने पर दिन भर थाने में पंचायत चली।
लड़की को मनाने के लिए सभी लोग पूरे दिन लगे रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही कि वह अपने प्रेमी से ही शादी करेगी और यहां से नहीं जाएगी। शाम को परिजनों की बहुत मिन्नत करने के बाद तब कहीं जाकर लड़की ने अपने परिजनों की बात मान ली। उनके साथ अपने घर चली गई। तब तक पुलिस की सांसें भी अटकी रही। लड़की के अपने परिवार वालों के साथ घर जाने को राजी होने पर पुलिस ने भी राहत की सांस ली। थाना प्रभारी योगेश कुमार मावी ने बताया कि सुबह से उसके परिजन मना रहे थे, लेकिन लड़की नहीं मान रही थी। हालांकि परिवार की काफी मिन्नत के बाद शाम को वह मान गई और परिजनों के साथ अपने घर चली गई।
