RCB के हेड कोच एंडी फ्लावर पर BCCI ने ठोंका भारी जुर्माना, अंपायर को अपशब्द कहने पर हुई सख्त कार्रवाई
रायपुर। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मुख्य कोच एंडी फ्लावर पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान चौथे अंपायर के साथ बहस करने के कारण आचार संहिता का उल्लंघन करने पर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
आईपीएल ने एक बयान में कहा, ''रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुख्य कोच एंडी फ्लावर पर आईपीएल के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।'' इसमें कहा गया है,
''एंडी को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन का दोषी पाया गया है जो 'मैच के दौरान स्पष्ट रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग' करने से संबंधित है। यह घटना 17.2 ओवर में घटी जब एंडी ने चौथे अंपायर के साथ तीखी बहस की।
एंडी ने अपराध स्वीकार किया और मैच रेफरी अमित शर्मा के फैसले को स्वीकार कर लिया है। आरसीबी ने यह मैच दो विकेट से जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
