Vineet Rai Murder News Ghazipur : विनीत राय हत्याकांड में कमलेश चौधरी के एनकाउंटर पर भारी बवाल, पुलिस पर हमला, 50 से ज्यादा ग्रामीणों पर केस दर्ज
कमलेश का शव लेकर गांव पहुंची पुलिस टीम पर हमले के बाद गाजीपुर के एसपी डॉ. ईरज रजा ने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी
एनकाउंटर में मारे गए कमलेश का शव लेकर पुलिस गौसाबाद गांव पहुंची। उधर, कमलेश की मौत से नाराज ग्रामीण फूलपुर रेलवे क्रॉसिंग पर प्रदर्शन करने लग गए। यहां पुलिस के साथ ग्रामीणों का टकराव हो गया। बाद में भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें सीओ समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। गाजीपुर के एसपी डॉ. ईरज रजा ने आरोपियों को कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
अमृत विचार, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड के आरोपी, 1 लाख रुपये के इनामी कमलेश चौधरी के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद भारी बवाल हो गया। कमलेश का शव लेकर गौसाबाद गांव पहुंची पुलिस टीम पर आक्रोशित भीड़ ने हमला कर दिया। पथराव में कई पुलिसवाले घायल हुए हैं। इस मामले में पुलिस ने 50 से ज्यादा ग्रामीणों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। गाजीपुर के एसपी डॉ. ईरज राजा ने घटना के बाद स्पष्ट किया था कि आरोपियों के विरुद्ध इतनी बेहद कठोर कार्रवाई की जाएगी। संरक्षण देने और उकसाने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा।
पुलिस ने बुधवार-3 जून को कमलेश चौधरी को मुठभेड़ में मार गिराया था। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को पुलिस टीम कमलेश का शव लेकर गौसाबाद स्थित उसके गांव पहुंची। कमलेश के एनकाउंटर से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए। फूलपुर रेलवे क्रॉसिंग पर प्रदर्शन किया।
इस बीच ग्रामीणों का पुलिस के साथ टकराव हो गया और भीड़ पुलिस पर हमलावर हो गई। भयंकर तरीके से पथराव होने लगा। इसमें सीओ सिटी शेखर सेंग के साथ 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संजय चौधरी समेत 6 नामजद और करीब 50 लोगों के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला, सरकारी काम में बांधा डालने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एनएसए की कार्रवाई भी होने की चर्चाएं हैं।
एनकाउंटर पर सवाल
ग्रामीणों ने कमलेश चौधरी के एनकाउंटर पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद कमलेश का एनकाउंटर किया है। इसी को लेकर गांव वाले नाराज थे। पिछले मई महीने में ही कमलेश चौधरी का विवाह हुआ था। उनकी पत्नी ने भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
विनीत राय को कैसे मारा
गाजीपुर की सदर कोतवाली क्षेत्र में आलोक राय का बिंदु होटल है। आलोक राय होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। 29 मई की रात करीब 11:15 बजे उनके बेटे विनीत राय को, होटल के गेट पर ताबड़तोड़ 5 गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था। विनीत 29 वर्ष के थे। पिछले साल ही उनकी शादी हुई थी और एक मासमू बच्ची है। विनीत की हत्या का आरोप शंकर पांडेय और कमलेश चौधरी गैंग पर लगा।
कटरा गैंग बनाकर रंगदारी-हत्याकांड
कटरा गैंग का सरगना शंकर पांडेय बताया जा रहा है। पुलिस ने विनीत राय हत्याकांड में शंकर पांडेय, कमलेश चौधरी, जगदीश सिंह उर्फ सोनू यादव और आलोक दुबे के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। शंकर पांडेय और कमलेश चौधरी के ऊपर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया। बाकी दो आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम है। कटरा गैंग पर रंगदारी, अपहरण और हत्या के गंभीर आरोप हैं।
वाट्सएप पर चलता कटरा गैंग
विनीत राय हत्याकांड संगठित अपराध का एक नमूना है। पुलिस के मुताबिक, 'कटरा गैंग', वाट्सएप पर चलता है। कई युवक इसके सदस्य हैं। कटरा गैंग को जब कोई आपराधिक गतिविधि करता है तो उसका फुलप्रूफ प्लान बनाकर वाट्सएप पर बने गैंग वाले ग्रुप में शेयर कर दिया जाता। मसलन, किस कांड में कौन सा व्यक्ति निशाने पर है। उसकी फोटो, डिटेल सब भेज दी जाती। घटना को अंजाम देने वाले अपराधी को वो काम सौंप दिया जाता। जब किसी घटना को अंजाम देना होता है-ग्रुप पर ही उसका मैसेज आ जाता। घटना के बाद आरोपी फरार हो जाते हैं।
एनकाउंटर नहीं, मेरे भाई की हत्या
एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कमलेश चौधरी के भाई संजय बिंद ने आरोप लगाया कि, 'यह कोई एनकाउंटर नहीं, बल्कि मेरे भाई की हत्या है।" उन्होंने कहा कि अगर वह दोषी था, तो कानून के मुताबिक कोर्ट से उसे सजा मिली। मुख्य आरोपी शंकर पांडेय है, जो अभी तक फरार है। उस पर कार्रवाई के बजाय मेरे भाई हत्या कर दी।
