स्टाफ मेंबर से मारपीट के आरोपों पर क्रिकेटर शशांक सिंह का बयान, बोले-'रसोइया बनकर चोरी की नीयत से आया था'

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अमृत विचार। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले भारतीय क्रिकेटर शशांक सिंह कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। शशांक सिंह और उनके पिता सहित तीन लोगों के खिलाफ उनके घर पर खाना बनाने वाले स्टाफ मेंबर विपेंद्र सिंह के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने के आरोप में एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। स्टाफ मेंबर ने क्रिकेटर और उनके परिवार पर बदसलूकी का गंभीर आरोप लगाया है।

क्रिकेटर शशांक सिंह ने आरोपों को बताया बेबुनियादइस पूरे मामले और एफआईआर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए क्रिकेटर शशांक सिंह ने मारपीट और बंधक बनाने जैसे आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। शशांक सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा:"नहीं, हमने उसे बंधक नहीं बनाया था... यह सच है कि वह खुद को रसोइया बताकर आया था, लेकिन वह रसोइया बिल्कुल नहीं था। उसे खाना बनाना नहीं आता था; वह बस मज़ा करने, वीडियो और फ़ोटो लेने और मेरे कमरे में भी घुसने आया था... क्योंकि वह ऐसी हरकतें कर रहा था, इसलिए मुझे शक है कि वह चोरी करने के इरादे से आया था।"

निजी वीडियो बनाने और डिलीट कराने का दावा

शशांक सिंह ने आगे बताया कि वह व्यक्ति घर की प्राइवेसी में खलल डाल रहा था। उन्होंने कहा, "हम बहुत किस्मत वाले हैं कि अब तक की जांच में कुछ भी चोरी नहीं हुआ है... यह सच है कि उसके फ़ोन में घर के वीडियो और फ़ोटो थे, इसलिए मेरी माँ ने उससे उन्हें डिलीट करवाया क्योंकि वे बहुत निजी थे।" क्रिकेटर ने यह भी साफ किया कि अभी तक इस मामले में पुलिस ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया है।

उसकी मिन्नतों पर नहीं किया पुलिस को कॉल  

'मेरी बहन ने 100 नंबर पर कॉल करने को कहा था'घटनाक्रम का जिक्र करते हुए शशांक ने कहा कि जब उन्होंने उस स्टाफ मेंबर को बिना अनुमति के फोटो और वीडियो लेते हुए पकड़ा, तो उनकी बहन ने तुरंत 100 नंबर पर पुलिस को कॉल करने का सुझाव दिया था। लेकिन उस व्यक्ति ने मिन्नतें कीं, जिसके बाद उन्होंने उसे जाने दिया।

शशांक ने भावुक होते हुए कहा, "हो सकता है कि कोई मुझ पर ऐसे आरोप लगाए... मेरा मानना ​​है कि जो कोई भी मुझे जानता है, वह जानता है कि मेरे लिए मारपीट की बात सोचना भी नामुमकिन है। मैं गाली-गलौज करने से भी हिचकिचाता हूँ, इसलिए मैं निश्चित रूप से ऐसा कुछ नहीं कर सकता था। मुझे नहीं लगता कि मुझे इस बारे में कोई सफ़ाई देने की ज़रूरत है।" फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पंजाब किंग्स के स्टार ऑलराउंडर हैं शशांक सिंह

शशांक सिंह आईपीएल में सबसे पहले 2022 में SRH के लिए चुने गए थे। 35 साल के शशांक सिंह ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत सबसे पहली बार साल 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की तरफ से खेलते हुए की थी। इसके बाद साल 2024 के मेगा ऑक्शन के दौरान एक बेहद अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई। पंजाब किंग्स की मालकिन प्रीति जिंटा किसी अन्य खिलाड़ी (शशांक सिंह नाम के ही दूसरे खिलाड़ी) पर दांव लगाना चाहती थीं, लेकिन नाम के कन्फ्यूजन के चलते उन्होंने गलती से इन पर बोली लगा दी। 

गलती जो पंजाब किंग्स के लिए बनी 'वरदान'

ऑक्शन टेबल पर हुई यह गलती आगे चलकर पंजाब किंग्स के लिए किसी बड़े वरदान और सुखद अहसास से कम साबित नहीं हुई। शशांक ने अपनी बल्लेबाजी से मैनेजमेंट के सभी संशयों को दूर कर दिया। पिछले तीन सीजन से वह टीम के लिए सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले खिलाड़ी बने हुए हैं। मुश्किल परिस्थितियों में आकर मैच फिनिश करने की अपनी काबिलियत के दम पर उन्होंने खुद को एक बेहतरीन मैच विनर साबित किया है।

ये भी पढ़ें  :  
फुटबॉल संस्कृति बनी फैशन की नई जान

संबंधित समाचार