बिना टेंशन के घूमिए कोरिया, भारत समेत 6 देशों के लिए S. Korea सरकार ने बढ़ाई वीजा फीस माफी की डेडलाइन
अगर आप साउथ कोरिया जाने का प्लान कर रहे हैं, तो यह खबर आपको खुश कर देगी। भारत में K-DRAMA और KPOP के कई दीवाने हैं, जो इस समय कोरिया जाने का प्लान बना रहे होंगे। साउथ कोरिया की सरकार ने इन छह देशों के टूरिस्टों को बड़ी राहत देते हुए वीजा फ्री की डेट को बढ़ा दिया है। इसका मतलब है कि अब अगर आप साउथ कोरिया जाने का प्लान कर रहे हैं, तो आपको कोई भी वीजा फीस नहीं देनी पड़ेगी।
भारत के साथ कंबोडिया, चीन, इंडोनेशिया, फिलीपींस और वियतनाम के ग्रुप टूरिस्ट को 31 दिसंबर तक वीज़ा फीस से छूट मिलेगी। 31 दिसंबर, 2026 तक के लिए बढ़ा न्याय मंत्रालय ने बुधवार को घोषणा की कि वह भारत समेत छह देशों के ग्रुप पर्यटकों के लिए वीजा आवेदन शुल्क में दी जा रही छूट को 31 दिसंबर, 2026 तक के लिए बढ़ा रहा है। मंत्रालय द्वारा जारी इस नीति के तहत कंबोडिया, चीन, भारत, इंडोनेशिया, फिलीपींस और वियतनाम से आने वाले समूह पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।
इसके तहत प्रत्येक पर्यटक की $15 (लगभग 23,000 वॉन) की वीजा एप्लीकेशन फीस पूरी तरह माफ कर दी गई है। यह छूट इस साल जून के आखिर में समाप्त होने वाली थी, लेकिन अब इसे अगले डेढ़ साल से अधिक समय के लिए बढ़ा दिया गया है।
ग्रुप टूरिस्ट वीजा की मांग में भारी उछाल
मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, साल 2025 में ग्रुप टूरिस्ट वीजा पर 790,000 से अधिक पर्यटकों ने दक्षिण कोरिया का दौरा किया। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 39 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाता है। इस सकारात्मक रुझान को बनाए रखने के लिए सरकार ने वीजा शुल्क माफी की समय सीमा को बढ़ाने का फैसला किया है। मंत्रालय के मुताबिक, हाल के दिनों में ग्रुप टूरिस्ट वीजा की मांग में तेजी देखी जा रही है, खासकर चीन और दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों से बड़ी संख्या में पर्यटक आ रहे हैं।
चीन और वियतनाम को पछाड़ा
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, साल 2024 में भारत से दक्षिण कोरिया जाने वाले ग्रुप टूरिस्ट्स की संख्या जहां महज़ 573 थी, वहीं साल 2025 में यह दोगुनी से भी अधिक होकर 1,120 पर पहुंच गई। प्रतिशत के लिहाज से यह किसी भी देश की सबसे बड़ी छलांग है। इस मामले में भारत ने अपने पड़ोसी देशों को भी पीछे छोड़ दिया है। इसी अवधि के दौरान चीन से आने वाले ग्रुप टूरिस्ट्स की संख्या में 48 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई, जबकि वियतनाम से आने वाले समूह पर्यटकों में केवल 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इस साल के पहले छह महीनों में ही दक्षिण कोरिया आने वाले कुल विदेशी पर्यटकों की संख्या 10 मिलियन (1 करोड़) के आंकड़े को पार कर चुकी है।
K-pop ग्रुप BTS बना बड़ी वजह
पर्यटन में आई इस तेजी के पीछे कोरियन पॉप (K-pop) के सुपरग्रुप 'बीटीएस' (BTS) को एक बड़ा कारण माना जा रहा है। बीटीएस 21 मार्च को सेंट्रल सियोल में अपने बहुप्रतीक्षित कमबैक कॉन्सर्ट किया था। इसको लेकर दुनिया भर के फैंस में भारी क्रेज दिखा। कोरियन ट्रैवल एजेंसी 'ऑलमैटूर' द्वारा जारी डेटा से पता चलता है कि कॉन्सर्ट वाले हफ्ते में दक्षिण कोरिया में विदेशी आगंतुकों के रहने के लिए होटल बुकिंग में पिछले हफ्ते के मुकाबले 103% की बढ़ोतरी हुई थी । 'द कोरिया हेराल्ड' की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में इसी समय (मार्च के इस हफ्ते) के मुकाबले विदेशी यात्रियों की बुकिंग में 63.3% का उछाल आया है, जबकि पूरे मार्च महीने में सालाना आधार पर होटल और स्टे बुकिंग में 33.5% की बढ़ोतरी हुई थी।
