Venezuela : मलबे से निकाले गए 6 हजार से ज्यादा लोग, मौत का आंकड़ा 2,000 के पार, 7,000 टन से ज्यादा मदद
काराकास। वेनेजुएला में आए दो विनाशकारी भूकंपों के बाद मलबे में दबे जीवित लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। देश की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस भीषण आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,943 हो गई है, जबकि 10,571 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों का आंकड़ा 2,000 के पार पहुंच गया है, 11,000 से अधिक लोग घायल हैं और हजारों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
वेनेजुएला में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा
वेनेजुएला में आये दो शक्तिशाली भूकंपों से मची तबाही में मृतकों की संख्या बढ़कर 2,295 हो गयी है। इस बीच, अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। भूकंप की त्रासदी को एक सप्ताह पूरा होने पर सुश्री रोड्रिगेज कहा कि मानव जीवन की भारी क्षति से पूरे देश की आत्मा आहत हुई है। हजारों लोग अब भी लापता हैं और प्रभावित क्षेत्रों में भोजन सहित आवश्यक वस्तुओं का गंभीर संकट बना हुआ है।
मलबे से सुरक्षित निकाले गए हजारों लोग
नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज के अनुसार, वेनेजुएला के स्थानीय बचाव दलों और अन्य देशों से आए विशेषज्ञों ने एक बड़ा संयुक्त अभियान चलाकर अब तक मलबे से 6,461 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। इस समय आपदा प्रभावित क्षेत्रों में वेनेजुएला के 26,000 सैन्यकर्मी, पुलिस, अग्निशमन कर्मी (फायर फाइटर्स) और बचाव दल तैनात हैं। स्थानीय एजेंसियों का साथ देने के लिए 4,099 विदेशी राहतकर्मी भी मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। इसके अलावा, 17,832 स्थानीय स्वयंसेवक (Volunteers) भी राहत कार्यों में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग कर रहे हैं।
दशकों की सबसे बड़ी तबाही, बुनियादी ढांचा ध्वस्त
गौरतलब है कि 24 जून को उत्तरी वेनेजुएला में महज 39 सेकंड (एक मिनट से भी कम) के अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली और विनाशकारी भूकंप आए थे। पिछले कई दशकों में यह देश में आया सबसे भीषण भूकंप है।
इन झटकों के कारण राजधानी काराकास, ला गुआइरा और देश के उत्तरी क्षेत्रों में व्यापक तबाही मची है। सैकड़ों इमारतें पूरी तरह ढह गईं या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। सड़कें, अस्पताल, स्कूल और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही एक बड़े इलाके में बिजली और दूरसंचार (टेलीकॉम) सेवाएं पूरी तरह बाधित हो गई हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंची मदद
संकट की इस घड़ी में वेनेजुएला को वैश्विक स्तर पर भी बड़ी मदद मिल रही है। जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि अब तक विभिन्न देशों से 7,063 टन अंतरराष्ट्रीय मानवीय सहायता वेनेजुएला पहुंच चुकी है, जिसका उपयोग प्रभावित लोगों के पुनर्वास और राहत कार्यों में तेजी से किया जा रहा है। कुल मिलाकर स्थानीय प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय टीमें मिलकर इस आपदा से निपटने के प्रयास में जुटी हुई हैं।
