माल के आमों की खुशबू के बीच सजा 'मैंगो पिकनिक-2026', प्रकृति, संस्कृति और परिवार का दिखा अनोखा संगम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ कनेक्शन वर्ल्ड वाइड के आयोजन में परिवारों ने विश्वप्रसिद्ध दशहरी समेत कई किस्मों के आमों का लिया स्वाद। संगीत, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों ने यादगार बनाया पूरा दिन।

माल/लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी से करीब 30 किलोमीटर दूर माल क्षेत्र के विश्वप्रसिद्ध आमों की खुशबू और हरियाली के बीच रविवार को 'मैंगो पिकनिक-2026' का रंगारंग आयोजन किया गया। लखनऊ कनेक्शन वर्ल्ड वाइड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था के सदस्य अपने परिवारों के साथ शामिल हुए और प्रकृति, संस्कृति तथा पारिवारिक सौहार्द से भरपूर दिन का आनंद लिया।

यह आयोजन अजय राज त्रिपाठी के आम उपवन में हुआ, जहां दिनभर उत्साह, मनोरंजन और पारिवारिक माहौल देखने को मिला।

दशहरी समेत कई किस्मों के आमों का लिया स्वाद

पिकनिक में शामिल लोगों ने माल क्षेत्र के विश्वप्रसिद्ध दशहरी आम सहित विभिन्न किस्मों के आमों का स्वाद लिया। इसके साथ ही प्रतिभागियों को आम की खेती, बागों की परंपरा और माल क्षेत्र की समृद्ध आम संस्कृति से भी परिचित कराया गया।

प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को ग्रामीण परिवेश और स्थानीय विरासत से जुड़ने का अवसर भी दिया।

MUSKAN DIXIT (24)

संगीत, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह

आयोजन के दौरान संगीत, मनोरंजक खेल, समूह संवाद और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ हर गतिविधि में भाग लिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल पूरे दिन जीवंत बना रहा।

"माल के आम हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं"

संस्था के संस्थापक सुनील मिश्रा ने कहा कि माल के आम केवल अपने स्वाद के लिए ही प्रसिद्ध नहीं हैं, बल्कि वे इस क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और पहचान का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को प्रकृति के करीब लाने के साथ-साथ सामाजिक जुड़ाव और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

आयोजन में रही इनकी महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. राजीव कुमार सक्सेना (एडमिन एवं प्रोग्राम निदेशक), आलोक शंकर (समन्वयक) और निमिषा सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य और उनके परिजन मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने आयोजन को यादगार बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।

यह भी पढ़ेंः डेब्यू के बाद वैभव सूर्यवंशी का पहला पोस्ट वायरल, कहा- 'जिस सपने को देखा था, आज उसे जी रहा हूं'

संबंधित समाचार