Gonda Road Accident: बाइक-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत, युवक और 10 साल की बच्ची की मौत
सुंदरघाट जंगल में हुए भीषण हादसे में तीन लोग घायल, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे; दुर्घटना के कारणों की जांच जारी।
गोंडा, अमृत विचार। जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र स्थित सुंदरघाट जंगल में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक और 10 वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेहरा बाजार में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सुंदरघाट जंगल में हुआ हादसा
प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव के अनुसार दुर्घटना ग्राम पंचायत पूरे तेंदुआ के ईदुआ सुंदरघाट जंगल के बीच हुई। हादसे में बाइक सवार निजामुद्दीन (32) निवासी बड़हरा भिटौरा, थाना रेहरा बाजार (बलरामपुर) और गौसिया खान (10) पुत्री इरफान, निवासी छतवापुर, थाना महराजगंज तराई (बलरामपुर) की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
इस दुर्घटना में इरफान पुत्र अब्दुल हकीम, असीसुलनिशा पत्नी इरफान निवासी महराजगंज तराई तथा रोहित वर्मा पुत्र ललई निवासी रेहरा माफी, थाना उतरौला (बलरामपुर) घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी रेहरा बाजार भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, स्कूटी पर रोहित वर्मा सवार थे, जबकि बाइक पर दोनों मृतकों सहित कुल चार लोग सवार थे। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
रिपोर्टर- उमानाथ
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में ननद-भाभी विवाद बना जानलेवा, शिकायत लेकर जा रहे बुजुर्ग की रास्ते में पिटाई, इलाज के दौरान मौत
