महोबा में मूसलाधार बारिश बनी काल! भरभरा कर गिरा मकान, पति-पत्नी की मौत, बालिका गंभीर
महोबा के सिजहरी गांव में मंगलवार रात मूसलाधार बारिश के दौरान मकान का हिस्सा गिर गया। मलबे में दबकर 72 वर्षीय चतुर्भुज कुशवाहा और उनकी 70 वर्षीय पत्नी बुधिया की मौत हो गई। उनकी छह वर्षीय पोती प्रिया घायल है और अस्पताल में उपचाराधीन है।महोबा के सिजहरी गांव में मूसलाधार बारिश के दौरान मकान का हिस्सा ढह गया। मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपती की मौत और छह वर्षीय पोती घायल हो गई।
महोबा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के महोबा में मूसलाधार बारिश के बीच मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। श्रीनगर क्षेत्र के सिजहरी गांव में एक पक्के मकान का हिस्सा भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई, जबकि उनकी छह वर्षीय पोती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
आधी रात मकान का हिस्सा गिरा
पुलिस उपाधीक्षक दीपक दुबे के मुताबिक, सिजहरी गांव में मध्य रात्रि के समय 72 वर्षीय चतुर्भुज कुशवाहा के पक्के मकान का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के समय चतुर्भुज और उनकी 70 वर्षीय पत्नी बुधिया मकान के उसी हिस्से में मौजूद थे और मलबे में दब गए।
ग्रामीणों की मदद से दंपती को निकाला
मकान गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन भी बुलाई गई, लेकिन भारी बारिश और सड़कों पर जगह-जगह जलभराव के कारण जेसीबी को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हुई। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत कर मलबा हटाया और बुजुर्ग दंपती को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोती भी मलबे की चपेट में आई
हादसे में चतुर्भुज का पुत्र और पुत्रवधु मकान के दूसरे हिस्से में सो रहे थे, इसलिए दोनों सुरक्षित बच गए। वहीं दादा के पास सो रही उनकी छह वर्षीय पोती प्रिया घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। मूसलाधार बारिश के कारण घटनास्थल तक राहत और बचाव दल को पहुंचने में भी परेशानी हुई। सड़क पर जलभराव के चलते जेसीबी पहुंचने में देरी हुई, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर मलबा हटाने का काम शुरू किया।
यह भी पढ़ें:-नेपाल में अचानक आई बाढ़ में 142 भारतीय पर्यटक लापता : पर्यटन बोर्ड ने दी जानकारी
