Raksha Bandhan: कच्चे धागों में बंधा अटूट प्यार, स्नेह, संवाद और संवेदनशीलता से मजबूत होते हैं भाई-बहन के रिश्ते 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

जालौन। रक्षाबंधन के उत्साह के बीच आध्यात्मिक और सामाजिक दृष्टि से जुड़े लोगों का मानना है कि यह पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते में प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प के साथ मानवीय संबंधों में स्नेह, समरसता और संवेदनशीलता को मजबूत करने का संदेश देता है। कलाई पर बंधने वाली राखी महज एक धागा नहीं, बल्कि आत्मीयता और एक-दूसरे के साथ खड़े रहने के संकल्प का प्रतीक है। 

समाजसेवी अमर सिंह चंदेल ने कहा कि रक्षाबंधन आपसी संबंधों में स्नेह और समरसता के मूल्यों का उत्सव है, जो मानवीय जुड़ाव को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि रिश्ते केवल रीति-रिवाज निभाने से मजबूत नहीं होते, बल्कि एक-दूसरे को समय, ध्यान और भावनात्मक सहयोग देने से उनमें गहराई आती है।

डॉ. हरिमोहन पुरवार ने कहा कि आज हमारे आसपास अनेक लोग भावनात्मक पीड़ा, अकेलेपन, चिंता और विभिन्न मानसिक एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। कई लोग अपनी परेशानी खुलकर व्यक्त नहीं कर पाते। कोई शांत और अलग-थलग रहने लगता है तो कोई अधिक प्रतिक्रियाशील या तनावग्रस्त दिखाई देता है। ऐसे में परिवार, मित्रों और परिचितों का भावनात्मक सहयोग बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा मौन संकट है, जिसमें व्यक्ति लोगों के बीच रहते हुए भी खुद को अकेला महसूस कर सकता है। 

ऐसे समय में किसी की बात धैर्यपूर्वक सुनना, उसके साथ समय बिताना और यह भरोसा दिलाना कि 'मैं तुम्हारे साथ हूं', उसे भावनात्मक सहारा दे सकता है। रक्षाबंधन जैसे पर्व रिश्तों को फिर से जीवंत करने का अवसर प्रदान करते हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने कहा कि तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तेजी से जीवन का हिस्सा बन रहे हैं। इसके बावजूद यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि तकनीक मानवीय देखभाल, करुणा और आत्मीय संवाद की जगह न ले। आज परिवार के सदस्य एक ही कमरे में साथ बैठकर भी अपने-अपने मोबाइल और स्क्रीन में व्यस्त रहते हैं। 

इससे शारीरिक रूप से साथ होने के बावजूद मानसिक दूरी बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ भोजन के समय मोबाइल फोन दूर रखना, टीवी बंद करना और एक-दूसरे से बातचीत करना छोटे लेकिन प्रभावी कदम हैं। प्यार भरी बातचीत और किसी की बात को बिना टोके धैर्य से सुनना रिश्तों में विश्वास बढ़ाता है। सोशल मीडिया पर संदेश भेजने या संदेश फारवर्ड करने के बजाय रिश्तेदारों और मित्रों को फोन करना अथवा उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलना अधिक प्रभावी हो सकता है। 

रक्षाबंधन की परंपराएं भी मानवीय जुड़ाव को मजबूत करने का संदेश देती हैं। माथे पर लगाया जाने वाला तिलक आत्मीयता, सम्मान और शुभकामना का प्रतीक माना जाता है। यह व्यक्ति को अपने संबंधों के प्रति जागरूक होने तथा अपेक्षाओं के स्थान पर स्वीकार्यता, प्रेम, सम्मान और सहानुभूति का भाव विकसित करने की प्रेरणा देता है। इसी तरह राखी बांधते या बंधवाते समय भावनात्मक सुरक्षा का संकल्प लिया जा सकता है। 

इसका भाव है कि विपरीत परिस्थितियों में भी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा जाएगा। यह संकल्प रिश्तों में विश्वास और भावनात्मक मजबूती बढ़ाता है। उपहार के संबंध में विशेषज्ञों का कहना है कि महंगे सामान से अधिक महत्वपूर्ण अपना समय और पूरा ध्यान देना है। हर दिन कुछ समय परिवार के साथ बिना गैजेट के बिताना, एक-दूसरे की बात सुनना और अपनी भावनाएं साझा करना रिश्तों को मजबूत करता है। 

उन्होंने कहा कि राखी कुछ दिनों तक कलाई पर रह सकती है, लेकिन संवेदनशीलता के साथ दिया गया ध्यान, स्वीकृति, संवाद और स्नेह का धागा जीवनभर रिश्तों को मजबूत बनाए रख सकता है। रक्षाबंधन का वास्तविक संदेश भी यही है कि बदलती तकनीकी दुनिया में मानवीय रिश्तों की गर्माहट, विश्वास और करुणा को जीवित रखा जाए।

ये भी पढ़ें : 
Raksha Bandhan: प्रयागराज में महिलाओं का किया गया सम्मान, 3 दिन UPSRTC बसों में मुफ्त यात्रा 

संबंधित समाचार