Chitrakoot Flood : बाढ़ पीड़ितों को ढांढस बंधाने आज चित्रकूट आएंगे CM योगी, पीड़ितों को देंगे राहत किट
29 अगस्त की बाढ़ में गांव-मजरों में मची थी भारी तबाही
चित्रकूट में 29 अगस्त की भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों का हाल जानने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को पहुंचेंगे। करीब दो घंटे के दौरे में वह बाढ़ पीड़ितों को राहत किट वितरित करने के साथ उनकी समस्याएं सुनेंगे और राहत कार्यों की जानकारी लेंगे।
चित्रकूट, अमृत विचार। भयावह बाढ़ से बर्बाद हुए लोगों को ढांढस बंधाने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को चित्रकूट आएंगे। लगभग दो घंटे के दौरे के दरम्यान वह बाढ़ पीड़ितों से बातचीत करेंगे और राहत किट देंगे। आशा है कि वह इस दौरान राहत संबंधी कई घोषणाएं भी कर सकते हैं। 29 अगस्त को आई अब तक की बाढ़ ने जिले में तबाही मचा दी। यह अब तक की सबसे भयावह बाढ़ मानी जा रही है।
इसकी सबसे बड़ी विडंबना यह रही कि सिर्फ एक दिन नहीं बल्कि कई कई दिन मंदाकिनी, पयस्वनी, बरदहा, वाल्मीकि आदि के साथ साथ छोटी नदियों और नालों ने गांव-मजरों में भयंकर तबाही मचाई। गांव-मजरों में तो कच्चे घर जमींदोज हो गए, कई रपटे और सड़कें टूट गईं। मुख्यालय सहित कस्बों और गांवों में बिजली और जलापूर्ति प्रभावित हुई। तमाम लोग बेघर हो गए।
प्रशासन ने तेज की तैयारियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से इन बाढ़ पीड़ितों को बहुत आशा है। हालांकि इस संबंध में समाचार भेजे जाने तक सीएम के दौरे का प्रोटोकाल जारी नहीं किया गया था पर प्रशासनिक अमले की चहल-पहल, सड़कों की सफाई और अन्य वजह इस बात की पुष्टि के लिए पर्याप्त रहीं कि सीएम का दौरा लगभग निश्चित है।
प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम योगी रविवार मध्याह्न चित्रकूट हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर पहुंचेंगे। यहां वह बाढ़पीड़ितों को राहत किट देंगे और उनकी व्यथा सुनेंगे। इसके बाद वह रामघाट, रैन बसेरा आदि जगहों पर जाकर बाढ़पीड़ितों से बातचीत करेंगे और प्रशासन के राहत कार्यों की जानकारी लेंगे। लगभग दो घंटे के बाद वह वापस चले जाएंगे।
यह भी पढ़ें:-Varanasi Flood : बाढ़ प्रभावित इलाकों का सीएम योगी ने किया हवाई सर्वेक्षण, पीड़ित परिवारों को बांटी राहत सामग्री
