हल्द्वानी: मकान बेचने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, केस
हल्द्वानी,अमृत विचार। गौलापार निवासी एक महिला ने मकान बेचने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को मामले की तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक, …
हल्द्वानी,अमृत विचार। गौलापार निवासी एक महिला ने मकान बेचने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को मामले की तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, किशन नगरी खेड़ा गौलापार निवासी नीमा देवी पत्नी कमल सिंह मेहता ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 19 जनवरी 2018 को उसने गली नंबर तीन जगदंबा नगर निवासी रंजीत मौर्या से एक मकान का सौदा साढ़े तेरह लाख रुपये में किया था। इस दौरान बयाने के तौर पर रंजीत को पांच लाख रुपये की रकम भी अदा की गयी थी। इस पर रंजीत ने अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी और दो पुत्रों विनोद व नकुल मौर्या के साथ एक लिखित इकरारनामा किया। इस दौरान रंजीत ने कहा कि उसके पुत्र का विवाह होने के बाद अप्रैल माह में ही वह मकान पर कब्जा दे सकेगा।
नीमा के मुताबिक, अक्टूबर 2018 तक रंजीत और उसके परिवारवालों ने 9.77 लाख रुपये की रकम वसूल ली लेकिन मकान का कब्जा देने को लेकर टालमटोल करते रहे। आरोप है कि रंजीत मौर्य ने उनके खिलाफ पुलिस से शिकायत भी की, हालांकि जांच में शिकायत झूठी पाई जाने पर तय किया गया कि 3.37 लाख देकर मकान पर कब्जा दिया जाएगा। बताया गया कि बीते 21 नवंबर को वह बाकी रकम लेकर रंजीत के घर पहुंची तो उसे मकान में कब्जा देने से इंकार कर दिया गया। इसके साथ ही पहले दी जा चुकी रकम को वापस करने को कहा गया तो रंजीत ने रकम देने से मना कर दिया। पुलिस ने आरोपी रंजीत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
