हल्द्वानी: वायुसेना में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल निवासी एक युवती को वायुसेना में नौकरी के झांसे में ठगी प्रयास का मामला सामने आया है। युवती ठग के अकाउंट में हजारों का ट्रांजेक्शन करने जा रही थी। इसकी भनक लगने पर युवती के भाई ने उसे सचेत कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल निवासी एक युवती को वायुसेना में नौकरी के झांसे में ठगी प्रयास का मामला सामने आया है। युवती ठग के अकाउंट में हजारों का ट्रांजेक्शन करने जा रही थी। इसकी भनक लगने पर युवती के भाई ने उसे सचेत कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
मल्लीताल निवासी शिवानी पांडे ने कुछ समय पूर्व वायुसेना में नौकरी के लिए आवेदन किया था। कुछ दिन पूर्व उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया और नियुक्ति की जानकारी दी। उसे नियुक्ति पत्र के पंजीकरण की एवज में साढ़े 28 हजार रुपए शुल्क मांगा गया। युवती ने भुगतान के लिए संबंधियों से 30 हजार की रकम भी एकत्र कर ली।
गुरुवार को युवती ठग के अकाउंट में रकम जमा कराने जा ही रही थी कि सेना में तैनात उसके भाई का फोन आ गया। युवती ने उसे नियुक्ति पत्र और पंजीकरण के लिए कॉल आने के बाद शुल्क जमा कराने की बात बताई तो भाई को ठगी का अहसास हो गया। उसने बहन को ट्रांजेक्शन करने से मना कर दिया। इसके साथ ही पुलिस में शिकायत कराने को कहा। एसएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि जांच के लिए शिकायत साइबर सेल भेज दी गई है।
