हल्द्वानी: वीकेंड पर मिली छूट, अब मंगल और बुध को बाजार में रहेगी नो एंट्री
गौरव पांडेय, हल्द्वानी। तीरथ सरकार उत्तराखंड में शनिवार और रविवार को बाजार खोलने पर लगी छूट हटाने जा रही है। इसके बदले सप्ताह में मंगलवार और बुधवार को दो दिनों की साप्ताहिक बंदी होगी। हल्द्वानी दौरे पर पहुंचे सीएम तीरथ सिंह रावत ने साफ तौर पर इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस …
गौरव पांडेय, हल्द्वानी। तीरथ सरकार उत्तराखंड में शनिवार और रविवार को बाजार खोलने पर लगी छूट हटाने जा रही है। इसके बदले सप्ताह में मंगलवार और बुधवार को दो दिनों की साप्ताहिक बंदी होगी। हल्द्वानी दौरे पर पहुंचे सीएम तीरथ सिंह रावत ने साफ तौर पर इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। भाजपा के शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने भी साप्ताहिक बंदी में बदलाव को लेकर हामी भरी है।
सर्किट हाउस में कोविड काल की समीक्षा के दौरान नैनीताल विधायक संजीव आर्य ने राज्य में पर्यटन को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कोविड काल में राज्य की आर्थिकी की प्रमुख आधार पर्यटन को गहरी चोट पहुंची है। कोविड से लड़ते हुए पर्यटन व्यवसाय को पटरी पर लाने के लिए दो दिन बंदी की व्यवस्था को बदलने की जरुरत है। उन्होंने सरकार को मंगल और बुधवार को बंदी का प्रस्ताव दिया। कहा कि साप्तहांत के दिनों यानी शनिवार और रविवार को बंदी हटने से पर्यटन कारोबार में जान आएगी। इस पर सीएम ने माना कि कोविड काल में राज्य में पर्यटन को खासा नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन को पटरी पर लाने पर मंथन कर रही है। उन्होंने विधायक को प्रस्ताव पर सकारात्मक फैसला लेने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव मंत्रीमंडल के पास है। सरकार साप्तहांत में छूट देने पर गंभीरता से विचार कर रही है। बता दें कि पर्यटन राज्य की आर्थिकी का प्रमुख आधार है। लाखों प्रत्यक्ष और परोक्ष लोग इस कारोबार से जुड़े हैं। लगातार दूसरे साल भी कोरोना की मार से पर्यटन कराह रहा है।
सूबे में पर्यटन को पटरी पर लाने का प्रयास किया रहा है। कोविड से लड़ते हुए बुरी तरह प्रभावित पर्यटन सेक्टर को उठाया जाएगा। सरकार पर्यटन की समस्याओं के निस्तारण की दिशा में तेजी से काम कर रही है। पर्यटन को देखते हुए सप्ताह के आखिरी दो दिनों में लागू बंदी को हटाने पर विचार किया जा रहा है। इसके बदले मंगलवार और बुधवार को बंदी का प्रस्ताव है। जल्द ही इस पर फैसला किया जाएगा।
-तीरथ सिंह रावत, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
