बरेली: ओपन बुक होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाएं ओपन बुक पर आधारित होंगी। इसके साथ ही छात्र घर पर ही असाइनमेंट तैयार कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने इसकी तैयारी कर ली है। शुक्रवार को प्रयोगात्मक परीक्षाओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं। परीक्षा केंद्रों की सूची भी शुक्रवार को जारी की जाएगी। लिखित परीक्षाओं …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाएं ओपन बुक पर आधारित होंगी। इसके साथ ही छात्र घर पर ही असाइनमेंट तैयार कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने इसकी तैयारी कर ली है। शुक्रवार को प्रयोगात्मक परीक्षाओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं। परीक्षा केंद्रों की सूची भी शुक्रवार को जारी की जाएगी। लिखित परीक्षाओं को लेकर भी विश्वविद्यालय दिशा-निर्देश जारी कर सकता है।
विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं 15 जुलाई से प्रारंभ हो रही हैं। प्रयोगात्मक व मौखिकी परीक्षाओं को लेकर शासन ने अलग से दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत लिखित परीक्षाओं के आधार पर मूल्यांकन किया जा सकता है। कुछ दिनों पहले छात्रों ने प्रयोगात्मक परीक्षाएं न कराने की मांग करते हुए विरोध किया था। जिसके बाद कुलपति प्रो. केपी सिंह ने छात्रों के हित को ध्यान में रखते ही प्रयोगात्मक व मौखिकी परीक्षाएं कराने का आश्वासन दिया था।
इसी के तहत इस बार परीक्षाओं में छात्रों को कई सुविधाएं दी जाएंगी। परीक्षा के दौरान महाविद्यालयों में अधिक भीड़ इकट्ठा नहीं की जाएगी। इसी के चलते प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी लिखित आयोजित कराई जाएंगी। इसके लिए ओपन बुक प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी।
इसका मतलब है कि आधी परीक्षा महाविद्यालय द्वारा तैयार प्रश्नपत्रों की देनी होगी और आधी परीक्षा छात्रों को खुद हल करनी होगी। इसके लिए छात्रों को घर पर ही असाइनमेंट तैयार करने की सुविधा दी जाएगी। प्रयोगात्मक परीक्षाएं कैसे होंगी, इसका प्रारूप तैयार कर लिया गया है। इसे जल्द ही छात्रों के लिए जारी कर दिया जाएगा।
300 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
स्नातक और परास्नातक की मुख्य परीक्षाएं 300 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर होंगी। परीक्षा केंद्रों की सूची लगभग तैयार कर ली गई है। शुक्रवार को इसे भी जारी कर दिया जाएगा। अधिकांश महाविद्यालयों को स्वकेंद्र बनाया गया है। जिन महाविद्यालयों में 100 से कम छात्र हैं, उसे स्वकेंद्र नहीं बनाया गया है। इसके पास के दूसरे महाविद्यालय में केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा जिन महाविद्यालयों में कभी नकल पकड़ी गई है या फिर वहां नकल रोकने के इंतजाम नहीं हैं, वे भी स्वकेंद्र नहीं बनाए गए हैं।
जल्द जारी होंगी प्रवेश परीक्षा की तिथियां
विश्वविद्यालय जल्द ही परास्नातक की प्रवेश परीक्षाओं की तिथियां जारी करने वाला है। इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। प्रवेश परीक्षाओं के लिए आवेदन भी शुरू कर दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय इस बार प्रवेश परीक्षा का शुल्क बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। हालांकि अभी इसको लेकर सहमति नहीं बनी है। इससे पहले प्रवेश परीक्षा का शुल्क 400 रुपए निर्धारित है लेकिन कई वर्षों से इसमें बढ़ोतरी नहीं की गई है। कई महाविद्यालयों में इसका शुल्क 800 से 1000 रुपये तक निर्धारित है। इस बार विश्वविद्यालय ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित कराएगा, जिसके चलते शुल्क बढ़ाने की तैयारी चल रही है लेकिन कोरोना महामारी के चलते छात्रों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े इसलिए अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
एमबीबीएस की परीक्षाओं का मूल्यांकन शुरू
विश्वविद्यालय ने गुरुवार से एमबीबीएस की परीक्षाओं का मूल्यांकन भी शुरू कर दिया है। मूल्यांकन का प्रभारी प्रो. आलोक कुमार श्रीवास्तव को बनाया गया है। गुरुवार को कुलपति ने परीक्षाओं के मूल्यांकन को लेकर समीक्षा भी की।
कुलपति रुविवि प्रो. केपी सिंह ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाएं ओपन बुक से कराई जाएंगी। छात्रों को होम असाइनमेंट की भी सुविधा दी जाएगी। इसका प्रारूप तैयार कर लिया गया है। छात्रों को जल्द ही इसकी जानकारी दी जाएगी।
