यूपी: जिद पर अड़ीं प्रियंका, गिरफ्तारी से सियासी बवंडर, वरुण गांधी ने की ये मांग
लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लखीमपुर में मृत किसानों के परिवारों से मिले बगैर लौटने को तैयार नहीं हैं। प्रशासन के अनुसार उन्हें सोमवार सुबह 4:30 बजे ही गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 36 घंटे बाद भी उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश न करने या रिहा न करने से कांग्रेसियों का गुस्सा बढ़ रहा है। …
लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लखीमपुर में मृत किसानों के परिवारों से मिले बगैर लौटने को तैयार नहीं हैं। प्रशासन के अनुसार उन्हें सोमवार सुबह 4:30 बजे ही गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 36 घंटे बाद भी उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश न करने या रिहा न करने से कांग्रेसियों का गुस्सा बढ़ रहा है। जगह-जगह धरना प्रदर्शन और कैंडल मार्च हो रहे हैं। लखनऊ व सीतापुर के पास कांग्रेसी दिग्गजों का जमावड़ा हो रहा है। इस बीच राहुल गांधी के भी बुधवार को लखनऊ पहुंचने की खबर है।
लखीमपुर में किसानों के परिवारों से मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी को सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र में सुबह 4:30 बजे पुलिस ने रोका था। एसडीएम सदर पीएल मौर्या के अनुसार शांतिभंग की आशंका और 107/116 के तहत उन्हें उसी वक्त गिरफ्तार कर थाना हरगांव में मुकदमा दर्ज किया गया था। तब से समाचार लिखे जाने तक न तो उन्हें रिहा किया गया और न ही मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया है। इससे नाराज कांग्रेसी सोमवार से ही लगातार पीएसी सर्किट हाउस के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। जिसमें कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भी शामिल हैं। इस बीच प्रियंका ने आरोप लगाया है कि उन्हें अभी तक एफआईआर की कॉपी या कोई नोटिस भी नहीं दिया गया है।
वीडियो जारी कर प्रियंका ने मोदी से पूछे सवाल
मंगलवार दोपहर प्रियंका ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक वीडियो ट्वीट किया। जिसमें किसानों के कुचले जाने का दृश्य दिखाकर कहा कि इस वीडियो को देखें। पूछा कि किसानों को कुचलवाने वाले मंत्री अब तक बर्खास्त क्यों नहीं हुए। उनके पुत्र गिरफ्तार क्यों नहीं हुए। देश को आजादी दिलाने वाले और सरहद पर अपने बेटों को भेजने वाले किसानों की बात क्यों नहीं सुनी जा रही? उन्हें क्यों हिरासत में रखा गया है।
एयरपोर्ट पर धरने के बाद बघेल छत्तीसगढ़ लौटे
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रशासन ने अमौसी एयरपोर्ट पर रोक लिया। वे वहीं धरने पर बैठ गए थे और मोबाइल से प्रेस कांफ्रेंस कर प्रदेश सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। कहा कि उन्हें न तो प्रियंका गांधी से मिलने दिया जा रहा है, न ही कांग्रेस कार्यालय जाने दिया जा रहा है। कहा कि यदि शहर में निषेधाज्ञा लागू है तो प्रधानमंत्री का कार्यक्रम कैसे हो रहा है? शाम साढ़े चार बजे तक धरना देने के बाद वे छत्तीसगढ़ लौट गए।
तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं प्रियंका : राहुल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दो ट्वीट किए पहले ट्वीट में उन्होंने लिखा कि प्रियंका, मैं जानता हूँ तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे। दूसरे ट्वीट में लिखा कि जिसे हिरासत में रखा है, वो डरती नहीं है- सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी! सत्याग्रह रुकेगा नहीं।
किसानों को कुचलने वाले तत्काल गिरफ्तार हों : वरुण गांधी
पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने किसानों के कुचले जाने का वीडियो ट्वीट किया। डीजीपी को टैग कर उन्होंने लिखा कि किसानों को गाड़ियों से जानबूझकर कुचलने का यह वीडियो किसी की भी आत्मा को झखझोर देगा। पुलिस इन गाड़ियों के मालिकों, इनमें बैठे लोगों, और इस प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों को चिन्हित कर तत्काल गिरफ्तार करे। सुल्तानपुर से भाजपा सांसद मेनका गांधी ने भी इसे रिट्वीट किया।
