काशीपुर: युवक ने फांसी लगाकर दी जान, दुकानदार पर प्रताड़ित करने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने एक दुकानदार पर मृतक को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मोहल्ला महेशपुरा निवासी मो. इमरान (38) पुत्र मो. असलम ने अपने घर के बरामदे में लगे …

काशीपुर, अमृत विचार। एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने एक दुकानदार पर मृतक को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

मोहल्ला महेशपुरा निवासी मो. इमरान (38) पुत्र मो. असलम ने अपने घर के बरामदे में लगे पंखे के कुंडे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह जब उसकी पत्नी सोकर कमरे से बाहर निकली तो पति का शव फंदे पर लटका देख उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे और मो. इमरान का शव देख कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मो. इमरान के परिजनों ने एक दुकानदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने बताया कि मो. इमरान ने अपने दोस्त की बेटी की शादी में दुकानदार से उधार में अपनी जमानत पर करीब 45 हजार रुपये का सामान उठवा दिया था। उसके दोस्त ने दुकानदार को सामान के रुपये जमा नहीं किये।

इसके चलते दुकानदार मो. इमरान को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। इससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बताया कि रविवार शाम उक्त दुकानदार ने मो. इमरान का ई-रिक्शा छीनकर अपनी दुकान पर खड़ा करवा लिया था और मो. इमरान को धमकी दी थी कि यदि रुपये नहीं दिए गए तो ई-रिक्शा को बेचकर रकम वसूल की जाएगी। परिजनों का कहना है कि इसी कारण इमरान ने फांसी लगाकर जान दी है। वहीं, एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार