हल्द्वानी: पेयजल संकट से भड़के लोगों का जल संस्थान में प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। तल्ली हल्द्वानी में लगातार बनी पेयजल समस्या को लेकर सोमवार को लोगों ने जल संस्थान में प्रदर्शन के साथ अधिशासी अभियंता का घेराव किया। इस दौरान वार्ड नंबर 58 के पार्षद मनोज जोशी कार्यालय के बाहर जमीन पर ही धरने पर बैठ गये। तेज धूप में ढाई घंटे धरने के चलते पार्षद …

हल्द्वानी, अमृत विचार। तल्ली हल्द्वानी में लगातार बनी पेयजल समस्या को लेकर सोमवार को लोगों ने जल संस्थान में प्रदर्शन के साथ अधिशासी अभियंता का घेराव किया। इस दौरान वार्ड नंबर 58 के पार्षद मनोज जोशी कार्यालय के बाहर जमीन पर ही धरने पर बैठ गये। तेज धूप में ढाई घंटे धरने के चलते पार्षद की तबीयत बिगड़ गयी।

जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय कुमार श्रीवास्तव के सामने पेयजल समस्या रखते पार्षद मनोज जोशी।

इसके बाद कार्यालय छोड़कर बाहर आये अधिशासी अभियंता ने पार्षद और क्षेत्रवासियों को बमुश्किल समझा-बुझाकर शांत किया। पेयजल संकट को लेकर पार्षद मनोज जोशी क्षेत्रवासियों के साथ जल संस्थान कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिशासी अभियंता को समस्या बतायी लेकिन अधिकारी अनसुनी करने लगे। इस पर गुस्साये पार्षद और क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे ढाई घंटे तक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे। जब पार्षद की तबीयत खराब होने लगी तो अधिशासी अभियंता अपने कार्यालय से बाहर आये। इसके बाद दोनों पक्षों की समस्या पर बात हुयी। अधिशासी अभियंता ने जल्द समाधान का भरोसा दिया। उनके आश्वासन के बाद लोग वापस लौट गये।

हालांकि पार्षद और क्षेत्रवासियों ने जल्द आपूर्ति सुचारू न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। इधर, अधिशासी अभियंता संजय श्रीवास्तव का कहना है कि जल्द ही क्षेत्र की पेयजल समस्या को दूर कर लिया जायेगा। प्रदर्शन करने वालों में ऋतु बख्शी, डी सनवाल, मनोहर, एस गाड़िया आदि मौजूद रहे। पार्षद मनोज जोशी ने बताया कि वार्ड नंबर 58 के साथ सुयाल कॉलोनी, डी क्लास, खन्ना फार्म, इंद्रपुरी, दुर्गा विहार, नागेश्वर कॉलोनी, आरा मशीन इलाके में पेयजल का संकट गहराया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आपूर्ति सुचारू नहीं हुयी तो बेमियादी आंदोलन किया जायेगा।

जल संस्थान समय से बिल भेजता है लेकिन पानी नहीं
टनकपुर रोड स्थित जवाहर नगर के लोग भी सोमवार को जल संस्थान के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिशासी अभियंता और जल संस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जल संस्थान समय से बिल भेज देता है लेकिन पानी का अता पता नहीं रहता है।

भाजपा के किसान मोर्चा के नगर अध्यक्ष हरीश मनराल के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने बताया कि पिछले कई माह से टैंकरों से पानी की आपूर्ति हो रही है। लोगों को आये दिन पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने अधिशासी अभियंता से आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। इस पर अधिशासी अभियंता ने अधीनस्थ को समस्या हल करने के निर्देश दिये। प्रदर्शन करने वालों में पिंकी, द्रोपदी, लक्ष्मण, उषा, गुड्डी, कल्पना, कलसी, मनकोरा, रूपा, रमा, शांति, जुबेदा, नूरजहां आदि मौजूद रहीं।

संबंधित समाचार