अल्मोड़ा: मासूमों को सिर पर लीसा डालने के लिए मजबूर करने के मामले में जांच के आदेश
अल्मोड़ा, अमृत विचार। अल्मोड़ा के देघाट क्षेत्र का एक वीडियो इन दिनों खासा वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बच्चे चीड़ के पेड़ पर लीसा एकत्र किए जाने को लगाए गए टीन के कोन से खेलते नजर आ रहे हैं और एक श्रमिक उन्हें डांटते-फटकारते नजर आ रहा है और यही नहीं हद तो …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। अल्मोड़ा के देघाट क्षेत्र का एक वीडियो इन दिनों खासा वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बच्चे चीड़ के पेड़ पर लीसा एकत्र किए जाने को लगाए गए टीन के कोन से खेलते नजर आ रहे हैं और एक श्रमिक उन्हें डांटते-फटकारते नजर आ रहा है और यही नहीं हद तो तब हो गयी जब श्रमिक नन्हें मासूमों को लीसे के कोन सिर पर उड़ेलने को कहता नजर आ रहा है।
डरे सहमे बच्चे कोन अपने सिर पर खाली कर रहे हैं। बहरहाल इस पूरे घटनाक्रम के बाद बच्चों की आंखों में जलन,सूजन हो गयी जिसे लेकर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की है।। एसडीएम शिप्रा जोशी ने मामले के जांच के आदेश दिए हैं। इधर खानपुर विधायक उमेश कुमार ने भी सीएम पुष्कर धामी से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले में आरोपियों और बच्चों के माता-पिता के बीच समझौता हो चुका है लेकिन सोशल मीडिया में घूमते वीडियो ने दोबारा इस चिंगारी को भड़का दिया है। फिलहाल राजस्व पुलिस मामले की जांच कर रही है।
