बहराइच: खतरे के निशान से आठ सेंटीमीटर ऊपर पहुंची घाघरा नदी
महसी/ बहराइच, अमृत विचार। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से बैराजों से पानी छोड़े जाने का सिलसिला जारी है। रविवार को तीनों बैराजों से तीन लाख 19 हजार 492 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। घाघरा का जलस्तर एक सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। महसी तहसील के तटवर्ती निचले गांव छत्तरपुरवा, जोगलापुरवा, नगेशरपुरवा …
महसी/ बहराइच, अमृत विचार। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से बैराजों से पानी छोड़े जाने का सिलसिला जारी है। रविवार को तीनों बैराजों से तीन लाख 19 हजार 492 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। घाघरा का जलस्तर एक सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।
महसी तहसील के तटवर्ती निचले गांव छत्तरपुरवा, जोगलापुरवा, नगेशरपुरवा व तारापुरवा, गोलागंज गांवों के खेतों में बाढ़ का पानी फैल चुका है। अब बाढ़ का पानी इन गांवों में आबादी के बीच पहुंचने लगा है। प्रह्लादपुरवा, चुन्नीलालपुरवा, सिलौटा, भौंरी, नगेशरपुरवा आदि गांवों के लोग बाढ़ की आशंका से सहम उठे हैं।
रविवार की दोपहर दो बजे एल्गिन ब्रिज पर घाघरा का जलस्तर लाल निशान 106.07 मीटर के सापेक्ष 106.156 मीटर रिकार्ड किया गया। यहां घाघरा लाल निशान से आठ सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। सरयू ड्रेनेज खंड प्रथम के सहायक अभियंता बीबी पाल ने बताया कि शारदा बैराज से एक लाख 53 हजार 584, गिरिजापुरी बैराज से एक लाख 55 हजार 103 व सरयू बैराज से 10 हजार 805 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
