देहरादून: बच्चे की शैतानी ने पुलिस को ढाई घंटे छकाया, अपहरण व हत्या की झूठी सूचना फैलाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। राजधानी में एक झूठी खबर ने पुलिस को छका दिया। पुलिस को किसी अज्ञात ने बच्चे के अपहरण और हत्या की सूचना दी। इसके बाद तकरीबन तीन घंटे तक जब पुलिस ने मामले की छानबीन की तो पता चला कि सूचना एक बच्चे ने ही फैलाई थी। उससे पूछा गया तो उसने …

देहरादून, अमृत विचार। राजधानी में एक झूठी खबर ने पुलिस को छका दिया। पुलिस को किसी अज्ञात ने बच्चे के अपहरण और हत्या की सूचना दी। इसके बाद तकरीबन तीन घंटे तक जब पुलिस ने मामले की छानबीन की तो पता चला कि सूचना एक बच्चे ने ही फैलाई थी। उससे पूछा गया तो उसने एक बच्चे का ही नाम लिया। उसी के कहने पर वह पुलिस को परेशान कर रहा था।

पुलिस ने परिजनों को इस मामले में हिदायत दी है। इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी मुकेश त्यागी ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि राजीव नगर में शारदा पब्लिक स्कूल के पास एक बच्चे को दो युवक उठाकर ले गए और हत्या कर दी है।

मौके पर पुलिस पहुंची तो फोन करने वाले ने एक सात साल के बच्चे से मिलवाया। वहीं इस हत्या के बारे में बात कर रहा था। पुलिस ने बच्चे को साथ लिया और आसपास के जंगल में करीब तीन घंटे तक छानबीन की। इस दौरान बच्चा भी कई बातें करता रहा। जिस बच्चे की हत्या की बात हो रही थी, उसका नाम भी बदल-बदल कर बता रहा था।

इसके बाद परेशान होकर पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में बच्चे से जानकारी ली। उसने पुलिस को बताया कि वह एक अन्य बच्चे के कहने पर पुलिस को परेशान कर रहा था, इसलिए उसने अफवाह फैलाई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को भविष्य के लिए हिदायत दी। बच्चे की मां कूड़ा बीनने का काम करती है। उस बच्चे का भी पता लगाया जा रहा, जिसने उससे यह अफवाह फैलाने के लिए कहा था।

संबंधित समाचार