Mahoba News : पहाड़ में पत्थर खिसकने से दो श्रमिकों की मौत, परिजनों में मची चीखपुकार
Mahoba News महोबा में पत्थर खिसकने से दो श्रमिकों की मौत।
Mahoba News महोबा के कबरई थाना क्षेत्र के उटियां पहाड़ में कार्य करते समय दो श्रमिकों के ऊपर पत्थर गिर जाने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिजनों में चीखपुकार मच गई।
महोबा, अमृत विचार। थाना कबरई के उटियां पहाड़ में कार्य करते समय दो श्रमिकों के ऊपर पत्थर गिर जाने से मौके पर ही मौत हो गई। इससे आसपास के पहाड़ों में काम कर रहे श्रमिकों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस घटना से मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। इस हादसे के बाद से आसपास के पहाड़ों में काम बंद हो गया। दोनो श्रमिकों की मौत से उटियां गांव में सन्नाटा छाया हुआ है।
थाना कबरई के ग्राम गंज निवासी मनोज (28) पुत्र छंगा अहिरवार एवं मधू (27) पुत्र दया अनुरागी उटियां मौजा में स्थित पहाड़ में प्रतिदिन की तरह बुधवार को काम कर रहे थे, कुछ श्रमिक पहाड़ में ब्लास्टिंग होल कर रहे थे। होल करते समय पहाड़ पर कंपन होने के कारण पत्थर खिसकर दोनो श्रमिकों के ऊपर गिर गए। जिससे श्रमिक पत्थरों के नीचे दब गए, अन्य श्रमिकों ने शोर शराबा मचाया तो आसपास के श्रमिक भी आ गए और श्रमिकों को आधा घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटना स्थल पहुंच गए, जहां पर दोनो श्रमिकों को मृत देख उनके होश उड़ गए। मौके पर ही परिजनों का रोना पीटना मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि पहाड़ पर ब्लास्टिंग की जाती है, जिससे कभी कभार पत्थर पहाड़ में ब्लास्टिंग के बाद फंस जाता है और होल करते समय कंपन होने से पत्थर खिसकर नीचे आ जाते हैं। इसी कारण बुधवार को होल करते समय पत्थर खिसक कर नीचे आए और दोनो श्रमिकों के ऊपर पत्थर गिर जाने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
