मुरादाबाद : हड़ताल खत्म कर काम पर लौटे कर्मचारी, बिजली संकट से मिली निजात

आपूर्ति सामान्य होने के बाद लोगों ने ली राहत की सांस, मिली बड़ी राहत, ऊर्जा मंत्री से बातचीत में केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद खत्म हुई हड़ताल

मुरादाबाद : हड़ताल खत्म कर काम पर लौटे कर्मचारी, बिजली संकट से मिली निजात

मुरादाबाद, अमृत विचार। मांगों को लेकर कई दिनों से मोर्चा खोले बिजली कर्मचारियों का संघर्ष आखिरकार रंग लाया। सरकार के आश्वासन पर हड़ताल का नेतृत्व कर रहे संगठन के पदाधिकारियों के आदेश पर बिजली कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर दी। सभी अधिकारी, कर्मचारी काम पर लौट आए। बिजलीघरों के ताले खुल गए। शहर समेत पूरे जिले की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। हड़ताल के दौरान आई दिक्कतों को दूर करने में कर्मचारी जुट गए हैं।

14 सूत्री मांगों को लेकर बिजली कर्मचारी और अधिकारियों ने सरकार पर दबाव बनाने को दो दिन तक कार्यबहिष्कार किया। इसके बाद 16 मार्च की रात 10 बजे से हड़ताल का ऐलान कर दिया था। इस हड़ताल से बिजली व्यवस्था धड़ाम हो गई थी। शहर से लेकर गांवों की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। 

शहरी क्षेत्र में पेयजल तक का संकट खड़ा हो गया। हालांकि, पावर कारपोरेशन ने समस्या को दूर करने के लिए संविदाकर्मियों को लगाया था, लेकिन स्थिति बेहतर नहीं हो पा रही थी। हड़ताल के तीसरे दिन रविवार को लखनऊ में संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के बीच हुई वार्ता के बाद हड़ताल को वापस ले लिया गया। इसके बाद जिले में हड़ताल में शामिल सभी कर्मचारी काम पर लौट गए। मुख्य अभियंता एनके मिश्र के कार्यालय के बाहर हड़ताल कर रहे लोगों ने अपने-अपने कार्य स्थल पर जाकर जिम्मेदारी संभाल ली है। बिजलीघरों के ताले खोल दिए गए हैं। शहर समेत पूरे जिले की सप्लाई भी बहाल करने की बात अधिकारियों की ओर से कही गई है।

काम पर भेजे गए कर्मचारी
विद्युत संघर्ष समिति के सह संयोजक व एसडीओ संतोष त्रिपाठी ने कहा कि हड़ताल से आम जनता को परेशानी हुई, लेकिन सरकार हमारी बात सुन नहीं रही थी, इसलिए ऐसा कदम उठाना पड़ा। बताया कि हड़ताल के वापस होने के बाद सभी कर्मचारियों को काम पर भेज दिया गया है।

ऊर्जा मंत्री और संघर्ष समिति के केंद्रीय नेतृत्व की बातचीत में सहमति बन गई है। कर्मचारियों ने हड़ताल वापस ले ली है। बिजली की समस्या ज्यादा पहले भी नहीं थी, लेकिन हड़ताल खत्म होने से अब समस्या पूरी तरह से दूर हो गई है। बिजलीघरों के ताले खुल गए हैं। सोमवार से बिजली विभाग से जुड़े सभी कार्यालय और बिल जमा करने के लिए कैश काउंटर पहले की तरह से खुले रहेंगे। अधिकारी कार्यालयों में बैठकर काम करेंगे।-एनके मिश्र, मुख्य अभियंता विद्युत मुरादाबाद मंडल

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : इंस्टाग्राम पर प्यार में युवक ने छोड़ा घर, ढूंढकर ले गए परिजन