बलरामपुर: देवीपाटन पहुंची सिद्ध पीर रत्ननाथ की यात्रा, आस्था की उठी हिलोरें

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

नेपाल देश के दांग जिले से सिद्ध पीर रत्ननाथ यात्रा सुबह पहुँची तुलसीपुर

अमृत विचार,बलरामपुर। चैत्र माह के नवरात्र पंचमी पर नेपाल के दांग जिले के घोड़ाही से सिद्ध रत्ननाथ की शोभायात्रा सुबह तुलसीपुर नगर में पहुंची। पहले से अगवानी के लिए तैयार नगरवासियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। नगर भ्रमण करते हुए देवीपाटन मंदिर के लिए निकली शोभायात्रा के स्वागत में लोगों ने घर की छतों पर खड़े होकर पुष्प वर्षा की। समूचा नगर पीर रत्ननाथ के जयकारों से गूंज उठा।

उत्साही युवा शौर्य का प्रतीक तलवार लेकर चल रहे थे। पात्र देवता की एक झलक पाने के लिए सड़क के दोनों तरफ महिलाएं और पुरुष लालायित दिखे। मदार के फूल, गेहूं के आटा व गुड़ का बना रोट चढ़ाकर लोगों ने पारंपरिक पूजन किया। नगर भ्रमण करते हुए शोभायात्रा शक्तिपीठ देवीपाटन स्थित समय माता मंदिर पर पहुंची। जहां महंत मिथिलेश नाथ योगी ने पारंपरिक अगवानी की। उन्‍होंने माता मंदिर में पूजन के बाद गर्भ गृह में आंशिक पूजन किया। इस दौरान मंदिर का पट बंद हो गया। पीर रत्ननाथ के दिव्य पात्र को परिसर में स्थित दलीचा में स्थापित कर दर्शन के लिए पट खोल दिया गया।

रत्ननाथ बाबा का दर्शन पाना... फिर कुछ खाना : अभी कुछ मत खाओ बेटे, बाबा रतननाथ जी का दर्शन कर लो... इसके बाद कबूतर और मुर्गा उड़ा दो... फिर कुछ खाना। यह बात सुबह छह बजे सड़क किनारे खड़ी एक मां अपने पांच साल के बच्चे को कह रही थी। सिद्ध पीर रत्ननाथ की यात्रा के इंतजार में वह हाथ में गेहूं का आटा व गुड़ लेकर रोट चढ़ाने की बाट जोह रही थी। करीब डेढ़ घंटे बाद सिद्ध रत्ननाथ का कारवां जैसे ही निकलता है, वह बच्चे को गोद में लेकर फूल चढ़ाती है।

बगल में मुर्गा और कबूतर लिए खड़े शख्स को कुछ पैसे देकर पक्षियों को बच्चे को देने को कहती है। बच्चा डरते-डरते कबूतर और मुर्गा छोड़ता है। यह प्रक्रिया दर्शन को खड़े सैकड़ों लोग अपनाते हैं। मान्यता है कि मुर्गा व कबूतर सिद्ध पीर रत्ननाथ के डाकिए थे। जो दैवीय शक्ति के माध्यम से उन्हें सूचना देने का काम करते थे। तब से बच्चों के माध्यम से इन पक्षियों को छोड़ने की परंपरा है। माना जाता है कि ऐसा करने से सिद्ध पीर रत्ननाथ बच्चों की रक्षा करते हैं।

देवीपाटन मन्दिर आने वाली ऐतिहासिक बाबा रतननाथ की यात्रा में पूर्व सांसद दद्दन मिश्र,विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण सिंह विक्की ,विनय प्रकाश त्रिपाठी,नगर विकास मंच अध्यक्ष राहुल सोनी कक्कू ,जितेन्द्र वर्मा जीतू, अरुन कुमार ,बबलू सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए।

ये भी पढ़ें -प्रयागराज: अतीक अहमद के खास गुर्गे अब्दुल कवि पर इनाम राशि बढ़ी 

संबंधित समाचार