अयोध्या: अवैध प्लाटिंग करने वालों ने रातों रात पाट दिया पौराणिक तालाब, शहरवासियों में आक्रोश
रूदौली/अयोध्या,अमृत विचार। शहर के पुराने पौराणिक टीकाराम तालाब की रातोंरात की गई पटाई को लेकर शहरवासियों में तीखा आक्रोश है। इसे लेकर तहसील प्रशासन से शिकायत भी दर्ज कराई गई है। आरोप है कि इसे एक साजिश के तहत पाटा जा रहा है। नगर के कजियाना और पूरे जामी मोहल्ले के बीच में स्थित टीकाराम तालाब को शुक्रवार रात में पाटने का प्रयास लोगों ने किया।
ट्रैक्टर ट्रालियों के जरिए मिट्टी लाकर तालाब को पाटा गया। जिसे लेकर लोगों में तीखा आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में राजस्वकर्मी व नयागंज चौकी पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। लोगों के अनुसार तालाब का वाद उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बाद भी अवैध प्लाटिंग करने वालों ने इसे रातों रात आधे से अधिक पाट दिया है। बता दें कि नगर के तालाबों पर शुरू से ही प्लाटिंग करने वालों की नजर हैं।
कई तालाब पर पटाई कर कब्जा कर लिया जाता है। जिसके चलते नगर क्षेत्र से तालाबों का वजूद ही खत्म हो गया है। तालाबों पर मकान व कांप्लेक्स बन चुके हैं। इसी को लेकर नगर पालिका परिषद शहर के तालाबों पर कब्जा पाने के लिए दो दशक से न्यायालय की शरण में हैं।
टीकाराम तालाब की पटाई की शिकायत नागरिकों ने एसडीएम से की है। एसडीएम अंशुमान सिंह ने बताया कि तालाब पटाई की शिकायत हुई है। उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार व लेखपाल को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस को भी पटाई रोकने के आदेश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद सुसंगत कार्रवाई की जाएगी।
