रायबरेली : हटेगा लकड़ी का पुल, 5.68 करोड़ की लागत से बनेगा पक्का पुल

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, रायबरेली । विकास खण्ड राही अन्तर्गत ग्राम रामपुर बघैल में महराजगंज ड्रेन पर पुल न होने से अमावां और राही के लोगों को आवागमन में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। एक लकड़ी का पुल है जो कि बरसों पुराना है, लोग इसी पुल से जान जोखिम में डालकर सफर तय करते हैं। अब सदर विधायक की पहल पर लकड़ी के पुल की जगह पक्का पुल बनेगा। इसके लिए शासन स्तर से हरी झंडी दे गई है।

सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास खण्ड राही अन्तर्गत ग्राम रामपुर बघैल में महराजगंज ड्रेन पर पुल न होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को डिघिया, नहर कोठी एवं फुरसतगंज आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं सुरक्षित सफर के लिए लगभग 10 किमी लम्बा रास्ता तय करना पड़ता है। सदर विधायक अदिति सिंह ने पक्के पुल के निर्माण की मांग शासन से की थी। वह इसे लेकर मुख्यमंत्री से भी मिली थीं। ऐसे में मुख्यमंत्री के निर्देश पर पक्का पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 568 लाख रुपये स्वीकृति किए गए हैं।

सदर विधायक अदिति सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए कहा कि जब से उप्र में भाजपा की सरकार बनी है तब से प्रदेश में विकास की बयार बह चली है। अदिति सिंह ने बताया कि पुल के निर्माण से दो विकास खण्ड अमावां व राही के क्षेत्रीय लोगों को आने-जाने में सहूलियत अधिक होगी। लघु सेतु निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता विकास को सचिव ने पत्र भेजा है। इसमें जारी धनराशि का जिक्र है।

ये भी पढ़ें - अयोध्या : सपाइयों ने टमाटर की माला पहन किया महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन

संबंधित समाचार