अयोध्या : प्रॉपर्टी डीलर को स्कॉर्पियो सवारों ने सरेराह पीटा
अमृत विचार, अयोध्या । पूराकलंदर थाना क्षेत्र के नाउ का कुंआ के पास कार सवार प्रॉपर्टी डीलर को रोककर स्कॉर्पियो सवार छह लोगों ने लाठी-डंडों से जमकर मारा पीटा। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों को देखकर हमलावर भाग निकले। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर घायल को जिला अस्पताल भेजा। हालत गंभीर देख घायल को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पूराकलंदर थाना क्षेत्र के नौवा के कुंआ के पास बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे के आसपास साहबलाल जायसवाल (48) पुत्र सीताराम जायसवाल निवासी बारुन बाजार थाना इनायतनगर न्यायालय के कार्य से अयोध्या शहर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही काली कलर की स्कॉर्पियो सवार 6 लोगों ने साहबलाल जायसवाल की कार को रोककर ओवरटेक करते हुए रोक लिया। हमलावरों ने साहबलाल को जबरदस्ती कार से बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया। मारपीट होती देख आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों को आता देख हमलावर साहबलाल को मरणासन कर फरार हो गए। एंबुलेंस का नंबर नहीं लगा तो ग्रामीणों ने निजी वाहन बुलाकर घायल को जिला अस्पताल पहुंचवाया। परिजन उसे लखनऊ लेकर रवाना हो गए।
घटनास्थल से 100 मीटर दूरी से तमाशा देखती रही पुलिस
ग्रामीणों ने बताया कि जब साहब लाल जायसवाल पर हमला हो रहा था तब वहां पीआरबी पुलिस 100 मीटर दूरी पर खड़ी थी, जो हमलावरों को देख रही थी, लेकिन कोई बचाने नहीं आया। पूराकलंदर थाना प्रभारी रतन शर्मा ने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
ये भी पढ़ें - अयोध्या : दावा सबका साथ सबका विकास का, लेकिन एससी-ओबीसी को कभी नहीं बनाया मुखिया
