बरेली: 10 साल में नहीं बदली तस्वीर, टूटी सड़कें, कीचड़ से सनी गलियां और जलभराव
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। हजियापुर वार्ड 15 की 10 साल पहले जो बदहाल तस्वीर थी, आज भी वो वैसे ही है। टूटी सड़कें अब तक नहीं बन पाई हैं। रास्तों पर कीचड़ है। यहां के लोग जलभराव की समस्या से जूझने को मजबूर हैं। पानी भरने पर इलाके की बिजली कट कर दी जाती है। इससे लोगों को परेशानी होती है।
बारिश में मुख्य मार्ग के पास पानी जमा हो जाता है। भाजपा नेता बंटी ठाकुर बताते हैं कि वार्ड में जनता के साथ भेदभाव किया जा रहा है। वाल्मीकि बस्ती के लोगों के राशन कार्ड नहीं बने हैं। दिलशाद कहते हैं कि उनकी गली से एक व्यक्ति चुनाव में खड़ा हुआ था। इस वजह से यहां की गली अब तक नहीं बन पाई है।
ये भी पढ़ें- बरेली: सौतेले चाचा ने भतीजी के पेट में मारी लात, मौके पर मौत, आरोपी फरार
इससे लोगों में आक्रोश है। शहीदों वाली मस्जिद और साबरी मस्जिद के आसपास के इलाके में पेयजल की समस्या है। मस्जिदों के सामने सड़क पर गंदगी के साथ पानी भरा रहता है। इससे नमाजियों को मस्जिद तक आने में परेशानी होती है, मगर पार्षद इस ओर ध्यान नहीं दे रही हैं।
इमरान ने बताया कि सकलैन नगर के नाले का पानी हजियापुर की तरफ कर दिया गया है। ऐसे में कांकरटोला और सकलैन नगर का पानी भी हजियापुर में एकत्र होता है। राशन कार्ड बनवाए जा रहे हैं। कुछ दिन पहले निगम में सकलैनी मदरसे की तरफ से जलनिकासी की व्यवस्था करने का पत्र दिया गया। उम्मीद है कि जल्द समस्या दूर हो जाएगी।
शहीदों वाली मस्जिद के आसपास के इलाके में पेयजल समस्या दूर करने के लिए पानी की टंकी का निर्माण करवा रहे हैं। कई लोगों के राशन कार्ड बनवाए हैं। भेदभाव की बात गलत है- रईस मियां अब्बासी, पार्षद पति
ये भी पढ़ें : बरेली: बुलडोजर चलाना है तो मेरे घर पर चलाओ, मैं डरने वाला नहीं हूं- अजय राय