छात्राओं ने निकाली शोभायात्रा, राममय हुआ लखीमपुर
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर चारों तरफ हर्ष और उमंग का माहौल है। मंगलवार की लखीमपुर में सनातन धर्म सरस्वती बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में शामिल छात्राएं विभिन्न राज्यों के परिधान पहन कर प्रेम की झलक पेश की। यात्रा का फूल वर्षा कर जगह जगह स्वागत किया गया। इस दौरान पूरा लखीमपुर शहर राममय हो गया।

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर पूरे जिले में खुशी का माहौल है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के नजदीक आते ही लोगों में उमंग और उत्साह बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को शहर के मोहल्ला मिश्राना स्थित सनातन धर्म सरस्वती बलिका इंटर कॉलेज से श्रीराम भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा में छात्राओं, शिक्षिकाओं के साथ ही बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। शोभा यात्रा में भगवान श्रीराम, मां सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन रथपर सवार थे। यात्रा में शामिल जटायु की सजीव झांकी सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। संस्कृत विद्यालय के भी बच्चे शामिल हुए।

यात्रा में शामिल छात्राएं कर्नाटक, मिजोरम, जम्मू कश्मीर आदि प्रदेशों की परिधान पहने थी, जो एक अलग ही अनुभूति करा रही थी। भव्य शोभायात्रा कालेज परिसर से सुबह करीब 11 बजे प्रारंभ हुई, जो गाजेबाजे और शंखनाद के साथ हमदर्द चौराहा, सदर चौराहा, हीरालाल धर्मशाला चौराहा होते हुए गुरुगोविन्द सिंह मार्ग पहुंची।
यहां से नई बस्ती चौराहा, जेल रोड, शाहपुरा कोठी चौराहा, विलोबी मैदान, पुराना भाजपा कार्यालय होते हुए कालेज परिसर में जाकर समाप्त हुई। शोभायात्रा का जगह जगह फूल बरसाकर लोगों ने स्वागत किया। छात्राओ ने प्रसाद वितरण किया। सदर चौराहा पहुंचने से पहले व्यापारी नेता श्याम कुमार तिवारी मामा ने व्यापारियों के साथ फूल बरसाए। शोभायात्रा में जयश्री राम के लग रहे उदघोष से पूरा शहर गुंजायमान रहा। चारों तरफ फहरा रहे भगवा झंडे से पूरा शहर राममय हो गया।
सुरक्षा के किए गए थे कड़े इंतजाम
भगवान श्रीराम की शोभायात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। पीएसी के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। फायर टेंडर की भी एक गाड़ी शोभायात्रा के साथ पीछे चल रही थी। सादे कपड़ों में महिला सिपाहियों को भी तैनात किया गया था। ट्रैफिक पुलिस के साथ प्रभारी निरीक्षक सदर अंबर सिंह भी मौजूद रहे।
मुड़िया महंत मंदिर में दिखाई जा रही रामायण
लखीमपुर खीरी। शहर के मिश्राना मोहल्ले में स्थित मुड़िया महंत मंदिर को बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिर की रिसीवर एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह और महंत बाबा संतोष दास की देखरेख में धार्मिक कार्यक्रम प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे हैं। प्रोजेक्टर के जरिए पर्दे पर रामायण दिखाई जा रही है। बाबा संतोष दास ने बताया कि 22 जनवरी तक प्रतिदिन शाम पांच बजे से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और प्रसाद वितरण होगा।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: दिसंबर से जनवरी में सबसे ज्यादा हुई धान खरीद, किसानों को 395.36 करोड़ रुपये का भुगतान
