अयोध्या में विराजेंगे रामलला; भजन-कीर्तन व दीप प्रज्जवलन से होगा स्वागत, शहर के मंदिरों में हर्षोल्लास से मनेगा उत्सव...
इटावा में 22 जनवरी को मंदिरों में भजन-कीर्तन व दीप प्रज्जवलन की तैयारी है।
इटावा में 22 जनवरी को मंदिरों में भजन-कीर्तन व दीप प्रज्जवलन करने की तैयारी कर ली गई है। विश्व हिन्दू परिषद, बजरंगदल व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ भी इसमें भागीदारी करेंगे।
इटावा, अमृत विचार। 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राणप्रतिष्ठा का उत्सव मनाने के लिए जिले के प्रमुख मंदिरों को सजाया संवारा जा रहा है। मंदिरों में इस पर्व को मनाने को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। लखना का कालिका देवी मंदिर को, कचोरा रोड का सांई मंदिर, इटावा का कालीबांह मंदिर, पिलुआ महावीर मंदिर सहित ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में भी दीपोत्सव तो कहीं खिचड़ी भोज की तैयारी चल रही है।
ग्रामीण अंचलों में अयोध्या में श्री राम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के उत्सव की तैयारी चारों तरफ है। माहौल भी राममय है। कस्बा के ऐतिहासिक राम जानकी मंदिर दीपों से सजाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर पर रामायण का पाठ होगा। स्क्रीन लगाकर अयोध्या धाम का सजीव प्रसारण भी दिखाया जाएगा। इस व्यवस्था में मंदिर प्रशासन पूर्ण निष्ठा और लगन से कार्य कर रहा है।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर लोग तैयारी में जुटे हैं। मंदिरों में साफ सफाई के साथ सजाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। क्षेत्र के ग्राम पंचायत उझियानी, बहेड़ा, आनेपुर, सुनबरसा, नौधना, घुघसीना, मतिरामपुर, शेरपुर, पुरावली, फतेहपुरा, गौतमपुरा तथा कस्बा अहेरीपुर, निवाड़ी कला सहित दर्जनों ग्रामों के मंदिरों पर दीपोत्सव कार्यक्रम किया जाएगा।

बहेड़ा ग्राम प्रधान व मंदिर के प्रबंधक विजय प्रताप सिंह सेगर ने बताया कि प्राचीन मंदिर परिसर में 21 जनवरी को रामचरितमानस का पाठ शुरू किया जाएगा यह 22 जनवरी तक चलेगा उसी दिन मंदिर परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। ग्राम पंचायत उझियानी के राम जानकी मंदिर पर रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के पुजारी गिरीश चंद्र शुक्ला ने बताया मंदिर की सजावट का कायं शुरू कर दिया गया है।
वहीं आगामी 22 जनवरी को हर्षोल्लास से मनाने के लिए विश्व हिन्दू परिषद, बजरंगदल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ सहित सभी सनातन धर्म से जुड़े लोगों के द्वारा बकेवर-लखना सहित आसपास क्षेत्र में बने मंदिरों पर द्वीप प्रज्ज्वलित करके भजन कीर्तन करेंगे। इसकी तैयारियां जोरशोर से चल रही है। वहीं लखना स्थित तालेश्वर महाराज मंदिर पर एक लाख द्वीप प्रज्ज्वलित करने का काम किया जाएगा।
अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम राम की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम प्रारंभ है 22 जनवरी को रामलला अपने स्थान पर वैदिक मंत्रोचार के साथ बिराजमान होंगे। करोड़ों लोगों की आस्था का केन्द्र अयोध्या धाम पर चल रहे कार्यक्रम के साथ घर घर सनातन धर्म से जुड़े लोगों के द्वारा घी के दीपक जलाकर हर्षोलल्लास के साथ खुशी मनाई जाएगी।
इसके साथ सभी मंदिरों की साज सज्जा के साथ दीपक जलाकर पूजा अर्चना व भजन कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित करने का कार्यक्रम विश्व हिन्दू परिषद ,राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ व बजरंगदल सहित सभी सनातन धर्म से जुड़े लोग तैयारियां करने में जुटे हुए हैं।
इस बार कस्बा लखना के तालेश्वर महाराज मंदिर पर भी एक लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की योजना सनातनधर्म से जुड़े नगर के लोग बना रहे हैं। इसके साथ ही अन्य मंदिरों पर दीपक जलाकर खुशी का इजहार किया जाएगा। इसके अलाबा अपने अपने घरों पर भी दीपक जलाकर रामलला के बिराजमान होने पर खुशी जताई जाएगी।
