Unnao News: सतीश शुक्ला बने बार एसोसिएशन अध्यक्ष; आठवीं बार जीत दर्ज कर बनाया रिकार्ड...
सतीश शुक्ला उन्नाव बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने।
सतीश शुक्ला उन्नाव बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने। आठवीं बार अध्यक्ष बने सतीश शुक्ला ने यह साबित कर दिया कि अब उनका बनाया रिकार्ड तोड़ पाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन भी है।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव बार एसोसिएशन के आठवीं बार अध्यक्ष बने सतीश शुक्ला ने यह साबित कर दिया कि अब उनका बनाया रिकार्ड तोड़ पाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन भी है। बार चुनाव के लिए बुधवार सुबह नौ बजे से शुरू हुई मतगणना 10 घंटे तक चली। जिसमें अध्यक्ष पद पर सतीश शुक्ला ने आठवीं बार जीत दर्ज कर अधिवक्ताओं का समर्थन प्राप्त किया।
उन्होंने दो बार उन्नाव बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके गिरीश मिश्रा को कड़ी टक्कर देते हुए 118 वोटों से अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। इसमें अवैध मत 16 रहे। वहीं महामंत्री पद पर 9 प्रत्याशियों में हुई टक्कर में अरविंद दीक्षित जीते। उन्होंने सिद्धांत अवस्थी को 49 मतों से हराया। इसमें कुल अवैध मतों की संख्या 50 रही। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजकुमार श्रीवास्तव विजयी घोषित हुए। उन्होंने दिलीप शुक्ला को 73 मतों से हराया। इसमें 40 मत अवैध रहे।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे बार एसोसिएशन उन्नाव के पुस्तकालय कक्ष में पहले संयुक्त मंत्री प्रकाशन, संयुक्त मंत्री पुस्तकायल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष पद व उपाध्यक्ष पद की गणना से शुरू हुई। एल्डर कमेटी के चेयरमैन बीके बाजपेई, चुनाव अधिकारी प्रकाश निगम, सदस्य जयराम सिंह, हरिशंकर सिंह चौहान सहायक चुनाव अधिकारी विजय कुमार की देखरेख में 26 सहायक निर्वाचन अधिकारियों ने गणना शुरू की।
गणना का सीधा प्रसारण बाहर लगे एलईडी पर होता रहा। सीओ सिटी विजय आनंद, कोतवाली प्रभारी प्रमोद मिश्रा, दही थानाध्यक्ष अनुराग सिंह ने मतगणना स्थल का निरीक्षण भी किया। खास बात यह रही कि अध्यक्ष पद पर जीते सतीश शुक्ला ने इस पद पर आठवीं बार जीत हासिल की। उन्हें 533 वकीलों का समर्थन मिला। जबकि, उनके प्रतिद्वंदी गिरीश मिश्रा को 415 मत ही मिले। बताते हैं कि सतीश शुक्ला मतगणना के शुरुआती राउंड से ही बढ़त बनाए रहे। जो आखिर तक चलती रही। इसी तरह महामंत्री पद पर विजयी अरविंद दीक्षित को 323 मत मिले। जबकि, प्रतिद्वंदी सिद्धांत अवस्थी को 274 मत हासिल हुए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजकुमार श्रीवास्तव 411 मत मिले वहीं निकटतम प्रतिद्वंदी दिलीप कुमार शुक्ला को 338 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर रेनू तिवारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी उमेश यादव को 164 मतों से हराया। रेनू तिवारी को 477 मत मिले तो वहीं उमेश यादव को 313 ही मत प्राप्त हो सके। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर कृष्ण कुमार लोधी को 476 मत प्राप्त हुए उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी प्रदीप कुमार 394 मत ही प्राप्त हो सके। संयुक्त मंत्री पुस्तकालय पद पर मणि कांत रावत ने 11 मतों से विजय हासिल की।
संयुक्त मंत्री प्रशासन पद पर नीलम देवी ने अपने प्रतिद्वंदी सुशील कुमार को 133 मतों से पराजित किया। वहीं संयुक्त मंत्री प्रकाशन पद पर आशुतोष सैनी विजयी हुए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी अजय तोमर 175 मतों से शिस्कत दी। चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही अधिवक्ताओं ने विजयी अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष आदि पदाधिकारियों को गर्मजोशी के साथ जोरदार स्वागत व आतिशबाजी की गई।
