आगरा: महिला उद्यमी के पिता की फर्जी वसीयत से करोड़ों की जमीन का किया सौदा, 6 लोगों पर FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा, अमृत विचार। ऑटो इंडस्ट्रीज क्षेत्र की महिला उद्यमी रंजना बंसल ने फर्जी वसीयत बनाकर धोखाधड़ी करके संपत्ति बेचने का आरोप लगाया है। महिला उद्यमी ने कोर्ट में वाद प्रस्तुत कर 6 नामजद और एक अन्य पर थाना हरीपर्वत में केस दर्ज कराया है। 

ऑटो इंडस्ट्रीज क्षेत्र में जानी-मानी महिला उद्यमी के पिता की फर्जी वसीयत बनाकर करोड़ों की जमीन का सौदा किया गया है। महिला उद्यमी ने कोर्ट में वाद प्रस्तुत कर 6 नामजद और एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप है कि उनके पिता का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर तहसील में नामांतरण कराया। वसीयत के समय किसी अन्य को खड़ा करके फर्जी कागज तैयार कराए गए थे। 

करियप्पा रोड बालूगंज की रहने वाली अशोका ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की चेयरपर्सन डॉ. रंजना बंसल का कहना है कि उनके पिता रामकिशोर बंसल ने 2 जून 2016 में उनके पक्ष में एक वसीयत बनाई थी। जिसके आधार पर पिता की मृत्यु के बाद संपत्ति उनके नाम होनी थी, लेकिन लुहार गली रावतपाड़ा निवासी संतोष जैन, राजीव जैन, नितुल जैन ने फर्जी वसीयत बनाकर उनकी करोड़ों की जमीन का सौदा कर दिया।

इस साजिश में पीपलमंडी के देवानंद, पचुकुईयां के केदारनाथ और गढ़ी भदौरिया के डोरीलाल व एक अन्य भी शामिल है। उन्होंने कोर्ट के माध्यम से थाना हरीपर्वत में 6 नामजद और एक अन्य पर धोखाधड़ी करने और फर्जी कागजात तैयार करने के आरोप में केस दर्ज कराया है। 

मृत्यु प्रमाण पत्र बनाया फर्जी
रंजना बंसल ने बताया कि वे छावनी क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके पिता की मौत 25 अगस्त 2016 को हुई थी। मृत्यु का प्रमाण पत्र छावनी परिषद जारी करता है। जबकि आरोपियों ने नगर निगम का मृत्यु प्रमाण पत्र वसीयत में लगाया है, जो गलत है। उनके पिता का कोई रिकॉर्ड नगर निगम में उपलब्ध नहीं है। पिता के जाली हस्ताक्षर करके उनके स्थान पर किसी और को खड़ाकर राम किशोर बंसल बताया गया। इसके बाद वसीयत पर नामांतरण करा दिया गया।  

2001 में तैयार कर ली थी फर्जी वसीयत
आरोप है कि आरोपियों ने 12 जून 2001 में फर्जी वसीयत बनाई थी। पिता के स्थान पर किसी और को प्रस्तुत कर दिया गया। इसके बाद 5 मार्च 2012 को उनके पिता की संपत्ति गढ़ी भदौरिया के रहने वाले डोरीलाल को बेच दी। देवानंद और केदारनाथ इसमें गवाह बनाकर पेश किया गया।

यह भी पढ़ें- आगरा: न्याय यात्रा में दिखा सपा का दबदबा, पीछे छूट गया कांग्रेसियों का काफिला 

संबंधित समाचार