सुलतानपुर: गृहमंत्री अमित शाह के मामले में mp-mla कोर्ट में हुई गवाही, जानिए किस प्रकरण में दर्ज हुआ है केस
सुलतानपुर, अमृत विचार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व दो अन्य के खिलाफ दायर मानहानि केस में परिवादी के गवाह मोहित तिवारी का बयान एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट में दर्ज किया गया। शेष गवाह के साक्ष्य के लिए कोर्ट ने 7 मार्च की तारीख तारीख नियत की है।
एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट में परिवादी वरुण मिश्र का बयान कोर्ट में दर्ज किया जा चुका है। कोर्ट में सोमवार को परिवादी के अन्य गवाह मोहित तिवारी का बयान दर्ज हुआ। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वरुण मिश्र ने गृहमंत्री अमित शाह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय जायसवाल और विनय मालवीय के खिलाफ 22 फरवरी 2018 को कोर्ट में परिवाद दायर किया था।
परिवादी का आरोप है कि गृहमंत्री अमित शाह ने 10 जून 2017 को छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। अजय जायसवाल और विनय मालवीय पर सोशल मीडिया में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इससे परिवादी की भावनाएं आहत हुईं।
यह भी पढे़ं: अयोध्या: रामोत्सव में बनारस घराने की जुगलबंदी और सिरमौर नाटी नृत्य की रही बहार, सिर पर जलता दीपक रख...
