सांसद सत्यदेव पचौरी ने कानपुर लोकसभा सीट से टिकट पाने के लिए चला दांव; पीएम मोदी को लिखा पत्र... जानें मामला
कानपुर, अमृत विचार। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के दिल्ली पहुंचने से पहले सांसद सत्यदेव पचौरी ने कानुपर लोकसभा सीट से दोबारा टिकट हासिल करने के लिए आखिरी दांव चल दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन्होंने लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की दुहाई देते हुए पत्र सौंपा है जिसमें कानपुर में 55 हजार करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्य गिनाए गए हैं। पचौरी ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा व गृहमंत्री अमित शाह को पांच साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा सौंपा है। टिकट को लेकर पचौरी और महाना के बीच रस्साकशी बतायी जाती है।
प्रत्याशियों की पहली सूची में नाम न होने के बाद से सांसद पचौरी ने दिल्ली दरबार में डेरा डाल रखा है। भाजपा के अंदरूनी सूत्र उनके टिकट में महाना को रोड़ा मानते हैं। हालांकि दोनों ही नेता एक-एक चुनाव हार चुके हैं। पचौरी 2004 में करीब चार हजार वोटों से तो महाना 2019 में करीब 18 हजार वोटों से पराजित हुए थे। दोनों के बीच राजनीतिक बैर का बयार कई वर्षों डोल रहा है।
डा.मुरली मनोहर जोशी का टिकट कटने के बाद पचौरी को पार्टी ने 2019 के चुनाव में प्रत्याशी बनाया था। वह खासे अंतर से कांग्रेस के श्रीप्रकाश जायसवाल को पराजित करके सांसद चुने गए थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में वह गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। योगी मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री थे। महाना का दावेदारी के माहौल के बीच कल दूसरा दिल्ली दौरा होगा।
बैठक जारी, घोषणा आज संभव
भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में चल रही है। यूपी प्रभारी होने के कारण पार्टी उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा को दिल्ली बुला लिया गया। इसीलिए वह कानपुर में सोमवार को पूर्व निर्धारित बैठक में नहीं आ सके। खबर है कि रात तक जिन सीटों पर विचार-विमर्श किया जाना है उनमें उत्तर प्रदेश की भी सीटें हैं। ऐसे में मंगलवार को नाम की घोषणा संभव है।
