मेरे मम्मी-पापा को जिंदा जला दिया-पुलिस देखती रही तमाशा,कोई नहीं आया बचाने

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

ससुराल में बेटी ने की खुदकुशी, मायके वालों ने सास- ससुर को जिंदा जलाया

प्रयागराज, अमृत विचार। मेरे मम्मी-पापा को जिंदा जला दिया। पुलिस खड़ी होकर तमाशा देखती रही। पुलिस के सामने पूरी घटना हुई और वो कुछ न कर सकी। सोमवार की रात उस भयावाह मंजर को अपनी आंखों से देखने के बाद बेटी के जेहन में बस गया। वह रो-रोकर बताती रही।

प्रयागराज में सोमवार की देर रात हुयी बड़ी घटना ने पूरे यूपी को दहला दिया। मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के सत्तीचौरा मोहल्ले में सोमवार की रात ससुराल में बेटी के खुदकुशी की सूचना के बाद बवाल मच गया। मायके वालों ने घर में घुसकर पेट्रोल छिड़कर पूरे मकान में आग लगा दी। आगजनी में दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही दूसरे दिन भी कर्फ्यू जैसा माहौल रहा। पुलिस ने शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए परिजनों को बस में बैठाकर पोस्टमार्टम हाऊस ले गयी जहां शव को दिखाने के बाद कड़ी सुरक्षा में अंतिम संस्कार करा दिया गया। 

24 - 2024-03-19T192427.370

मुठ्ठीगंज सत्ती चौरा के रहने वाले राजेंद्र केसरवानी फर्नीचर कारोबारी थे। उनके बेटे अंशु केसरवानी की शादी धूमनगंज के झलवा निवासी सरदारी लाल की बेटी अंशिका से एक साल पहले 13 फरवरी 2023 को हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। अंशु चार मंजिला मकान के सबसे ऊपरी तल में रहता हैं। जबकि नीचे फर्नीचर की दुकान खोल रखी हैं। सोमवार की रात अंशिका ससुराल में अपने कमरे के अंदर रस्सी के फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। काफी देर तक घरवाले और पति अंशु आवाज देता रहा पर अंशिका कमरे से बाहर नहीं आई। अंशु ने जाकर देखा तो कोई आहट नहीं मिली। जिसके बाद खिड़की का शीशा तोड़कर देखा तो अंशिका फंदे से झूल रही थी। अंशु ने शोर मचाया और घरवालों के साथ मायके वालों को खबर देते हुए थाने पहुंच गया। जहां पुलिस के आने से पहले ही मायके पक्ष के काफी लोग बेटी के ससुराल पहुंच गये। इसी बीच ससुराल और मायके वालों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हुई। अंशिका के मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे थे। रात करीब 12 बजे के बाद हंगामा बाद बढ़ता गया। 

25 - 2024-03-19T192520.531

आरोप है कि मायके वालों की भीड़ ने ससुराल वालों को घर में बंद कर आग लगा दी। गेट बंद कर घर फूंके जाने से अफरातफरी मच गई। घटना के बाद मुट्ठीगंज समेत कई थानों की फोर्स ने पहुंच गयी। तीन मंजिला मकान जलने लगा। घटना के एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाडी पहुंची लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। उस भीषण आगजनी में ससुर राजेंद्र केसरवानी और पत्नी शोभा देवी की जलकर मौत हो चुकी थी। दोनों शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उनका कहना है कि या तो अंशिका को मारकर लटका दिया गया या फिर आजिज आकर उसने आत्महत्या कर ली। मंगलवार को भी बवाल मचा रहा। काफी संख्या में आस पड़ोस के लोग जुटे रहे। पुलिस ने हंगामा और बवाल होने की सूचना पर एक बस को मंगवाकर परिजनों को पोस्टमार्टम हाऊस भेज दिया। जहां परिजनों को शव दिखाने के बाद कड़ी सुरक्षा में तीनों शवों का अंतिम संस्कार करा दिया गया। 

बगल के मकान को भी कराया खाली
पुलिस ने अंशु के बगल के मकान को भी खाली करा दिया। अंशिका के घरवाले घर के सामने ही रोते बिलखते रहे। घर के अंदर सारा सामान जलकर राख हो गया। परिवार में बहन शिवानी के अलावा चाचा, चाची भी झुलस गये।  

पुलिस ले गयी डीवीआर
घरवालों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस आस पास लगे डीवीआर को निकाल ले गयी। पुलिस सबूत मिटाने में लगी हुई है। सीसीटीवी में सब कुछ देखा जा सकता है कि किन लोगों ने घर में आग लगाई है। किसने घटना को अंजाम दिया है। 

26 - 2024-03-19T192639.166

शाम को गये थे डॉक्टर के पास, लौटने के बाद क्या हो गया
बेटी ने बताया कि भैया अंशु और भाभी शाम को डॉक्टर के पास रिपोर्ट लेने गये थे। वहा से लौटते वक्त आइसक्रीम लेकर आये थे। सभी लोग खाये और रात में खाना खाने के लिए बुलाया तो कोई आवाज नहीं आई। सुबह सभी ने मिलकर घर में पापड़ और चिप्स भी बनाया था। कैसे क्या हो गया। कुछ समझ में नहीं आया। 

बगल के घर में कूद कर बचाई जान
बेटी शिवानी ने बताया कि जब भाई के ससुराल वाले तीन चार पहिया गाडी से आये तो सीधे घर में घुसने लगे। बगल वाले घर से कूदकर घर के अंदर आ गये और ऊपर से नीचे उतरते गये और डीजल छिड़कते गये। आग लगाने के बाद दरवाजे को बंद करते गये। जिसके बाद सभी लोग कमरे मे फंसे रह गये। बाहर जाने के बाद शटर को बंद कर दिया और बाहर से भी आग लगा दी। किसी तरह से बगल वाले घर का शीशा तोड़कर कूदकर जान बचाई। घरवालों ने बताया कि अंशिका किसी से फोन पर बात करती थी। जिसको लेकर पति अंशु अक्सर मना करता था। जिसको लेकर कई बार कहासुनी भी हुई थी। घरवालों ने भी कई बार मना किया था। लेकिन अंशिका बात नहीं मानती थी। जिसको लेकर आये दिन दोनों के बीच झगड़ा होता था। 

27 - 2024-03-19T193652.736

एक दिन पहले अंशिका ने मायके में की थी बात
एक दिन पहले ही अंशिका ने अपने घर पर फोन से बात की थी। उसने घरवालो को बताया था कि उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। जिसको लेकर मायके वाले काफी परेशान थे। उन लोगों ने घर पर आकर बात करने की तैयारी भी की थी लेकिन दूसरे दिन बेटी की मौत की खबर मिल गयी। 

वर्जन:- 
घटना में फंदे से लटकती लाश मिली है। जिसके बाद घर में घुसकर आग लगाई गयी है। जिसमें दो लोगों की जलकर मौत हुई है। आग किसने लगाई है। इसका पता लगाया जा रहा है। मामले में लड़की पक्ष से एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। जबकि 15 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। घटना की जांच की जा रही है। -दीपक, डीसीपी नगर, प्रयागराज

ये भी पढ़ें -बदायूं: बिस्तर पर गिरा बीड़ी का चिकला तो खुद को बचा नहीं सके नौबत राम...जलने से मौत, जानिए झकझोर देने वाली घटना

संबंधित समाचार