Barabanki News : सांसद तनुज पुनिया बोले, डॉ. मनमोहन सिंह का दीवाना रहेगा इतिहास

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

बाराबंकी, अमृत विचार : देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर जिले के लोगों ने शोक जताया। सपा, कांग्रेस, भाजपा व अन्य पार्टियों नेताओं व कार्यकर्ताओं ने स्व. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी और देश के आर्थिक विकास में उनके योगदान को याद किया। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने शोक जताते हुए कहा कि मनमोहन सिंह की सरकार में भारत ने कई महत्वपूर्ण आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक बदलाव देखे। उन्होंने देश में विदेशी निवेश को बढ़ावा दिया। जिससे भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट के दौरान डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक मंदी से बचाया और भारतीय उद्योगों को नुकसान से बचाने के लिए कई उपाय किए। इसके साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना, भारत-अमेरिका परमाणु समझौता जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए। इतिहास उनको याद ही नहीं बल्कि दीवाना रहेगा।

सिख समुदाय ने दी श्रद्धांजलि
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा लाजपत नगर में सिख समुदाय, महिलाओं और बच्चों ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने अरदास कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। सिख समुदाय ने डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने नेतृत्व और आर्थिक सुधारों से भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। श्रद्धांजलि देने वालों में सरदार चरनजीत सिंह, सरदार प्रेमपाल सिंह, सरदार मनमीत सिंह, सरदार राजदीप सिंह, सरदार रणबीर सिंह, सरदार अमरजीत सिंह, ज्ञानी सरदार तीरथ सिंह, रंजीत कौर, डिंपल कौर, धर्मवीर सिंह, रंजीत सिंह, और सरदार अमरीक सिंह शामिल रहे।

डॉ. मनमोहन द्वारा किये कार्य सदैव अमिट रहेंगे- गोप
देश के प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री रहते हुए देश को सशक्त बनाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने जो कार्य किए, वह सदैव अमिट रहेंगे। उक्त विचार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने युवा सपा नेता वैस सलमानी द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहीं। श्रद्धांजलि सभा में सपा जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह वर्मा, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह, युवा सपा नेता अविरल सिंह, सभासद ताज बाबा राईन, जिला प्रवक्ता वीरेंद्र प्रधान, अमित सिंह और अजय वर्मा सहित अन्य लोगों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

कांग्रेस नेताओं ने की शोक सभा
शुक्रवार को कोटवा सड़क कस्बे में पूर्व प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस नेताओं मौन धारण कर शोक सभा का आयोजन किया गया। जिला सचिव मनीष रावत ने कहा कि न्यू इंडिया, ग्लोबल इंडिया का मंत्र देने वाले डॉ. मनमोहन सिंह स्वभाव से शालीन और मृदुभाषी थे। तकरीबन कंगाल हो चुके देश को 1991 संकट से निकालने वाली टीम के अहम मेंबर मनमोहन सिंह जब बतौर पीएम आखिरी बार मीडिया से बोले तो उन्होंने बस इतना भर कहा कि उम्मीद है इतिहास उन्हें सही जगह देगा और नए सिरे से जज करेगा। निश्चित तौर पर उनके योगदान का इतिहास नये सिरे से मूल्यांकन करेगा।

यह भी पढ़ें- Prayagraj News : शंकरगढ़ में तेंदुए के हमले से आधा दर्जन ग्रामीण घायल, मचा हड़कंप

संबंधित समाचार