बलरामपुर: पुलिस और SSB की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख की चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बलरामपुर, अमृत विचार। पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो चरस तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख बताई जा रही है। कुल 3 किलो 115 ग्राम चरस बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार ने बताया कि एसएसबी की 9वीं बटालियन के उप-निरीक्षक अम्बाटी सागर को 5 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया कि कुछ संदिग्ध लोग मादक पदार्थ की तस्करी कर बरदौलिया के रास्ते से नेपाल से भारत ले आने की फिराक में हैं।
भड़सहिया-बरदौलिया मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार ने पुलिस को देखकर अपनी गाड़ी की लाइट बंद कर भागने का प्रयास किया। संयुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम लल्लन पुत्र जान मोहम्मद, निवासी अकबरपुर और जितेन्द्र कुमार उर्फ कमला प्रसाद पुत्र कौशल कुमार, निवासी मेड़ईडीह बताया। दोनों थाना ललिया, बलरामपुर के रहने वाले हैं।
तलाशी में बाइक की डिग्गी से एक सफेद थैला मिला, जिसमें चार पारदर्शी पन्नी में भूरे रंग का पदार्थ था। मादक पदार्थ विशेषज्ञ श्वान मालकम ने इसकी जांच कर चरस की पुष्टि की। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक प्लेटिना बाइक भी जब्त की गई है। थाना हर्रैया में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- रिश्तों के कत्ल की कोशिश : अवैध संबंधों के आड़े आई पत्नी...तो सिपाही पति ने अर्धांगिनी को जिंदा जलाने का किया प्रयास
