Lucknow: साल भर से छात्रा को मनचले कर रहे परेशान, ब्लैकमेल कर वसूले रुपए
लखनऊ, अमृत विचार: सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक साल से शोहदों ने छात्रा का जीना दूभर कर रखा है। स्कूल और कोचिंग आते-जाते आरोपी छेड़छाड़ और धमकाते हैं। डर के चलते पीड़िता ने दूसरे कॉलेज में दाखिला लिया। इसके बाद भी मनचलों की हरकत बंद नहीं हुई। छात्रा को ब्लैकमेल कर आरोपियों ने 25 हजार रुपये वसूल लिए। डिमांड बढ़ने पर पीड़िता ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थाना क्षेत्र में परिवार संग किराए पर रहने वाली पीड़िता ने बताया कि करीब एक साल से अविनाश सिंह और आदेश शुक्ल छेड़छाड़ करते हैं। विरोध पर रास्ते में गाली-गलौज करते हैं। पीड़िता ने बताया कि शोहदों की हरकत से परेशान होकर आपबीती परिजन को बताई। जिसके चलते घरवालों ने उसका दाखिला दूसरे कॉलेज में करा दिया। इसके बाद भी आरोपियों की हरकत बंद नहीं हुई। स्कूल और कोचिंग आने जाने के समय आरोपी रास्ते में छेड़छाड़ करते हैं। पीड़िता ने विरोध किया। इसपर आरोपी अविनाश ने उसे ब्लैकमेल कर 10 हजार मांगे। पीड़िता ने 26 जनवरी को रुपये दिए।
करीब दो हफ्ते बाद दोबारा डिमांड पर पीड़िता ने इज्जत बचाने के लिए 15 हजार रुपये 10 फरवरी को दिए। इसके बाद भी आरोपियों ने धमकाना और ब्लैकमेल करना बंद नहीं किया। तनाव से जूझ रही पीड़िता बीते शनिवार को सुशांत गोल्फ सिटी थाने पहुंची। पुलिस को बताया कि आरोपी अर्जुनगंज में रहते हैं। अगर उसे कुछ हुआ तो उसके जिम्मेदार आरोपी होंगे। मामले को गंभीरता से लेते हुए सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने अविनाश सिंह और आदेश शुक्ल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह भी पढ़ेः लखनऊ में फिर मचेगी आईपीएल की धूम, घरेलू मैदान पर सात मुकाबले खेलेगी Lucknow Supergiants
