Ayodhya News : अकीदत के साथ अदा की गई रमजान के पहले जुमे की नमाज
अयोध्या, अमृत विचार : पवित्र माह रमजान के प्रथम शुक्रवार की नमाज विभिन्न मस्जिदों में अकीदत के साथ अदा की गई। जुमे की नमाज में उमड़े रोजेदारों ने मुल्क में अमन चैन के लिए दुआएं मांगी। इसके अलावा रोजेदारों ने अल्लाह से अपनी मगफरत के लिए दुआएं मांगी।
रमजान माह के पहले जुमे को नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। इस मौके पर सभी मस्जिदों के इर्द-गिर्द कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। नगर की प्रमुख मस्जिद जामा मस्जिद टाटशाह में इमाम मौलाना शमशुल कमर कादरी ने जुमे की नमाज पढ़ाई। इस दौरान उन्होंने अपने खुतबे के दौरान रोजे के एहकाम और उसके एहतराम को लेकर सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि पाक माह रमजान में अल्लाह की रजा पाने के लिए रोजा रखा जाता है। इस महीने अल्लाह की रहमत अपने बंदों पर होती है और गुनाह माफ किए जाते हैं।
उन्होंने कहा रमजान में केवल भूख प्यास का रोजा नहीं बल्कि अपने नफ्स का भी रोजा रखना चाहिए। उन्होंने आने वाले जुमे के दिन होली पर्व को लेकर भी नसीहत दी कि सभी सौहार्द के साथ पर्व मनाएं इसका खास ख्याल रखना होगा। कहीं से कोई भी विवाद नहीं होना चाहिए यही रमजान का संदेश भी है। वहीं जामा मस्जिद इमामबाड़ा में पेश इमाम जफर रजा आब्दी ने नमाज अदा कराई। उन्होंने भी अपन खुतबे के दौरान रमजान पाक में बरती जाने वाले अहकाम पर जोर दिया। इसके अलावा नगर की डेढ़ सौ समेत ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई।
होली के दिन पड़ने वाले जुमे के दिन बढ़ सकता है नमाज का वक्त
आगामी 14 मार्च को होली के दिन रमजान का दूसरा जुमा पड़ रहा है। इसे लेकर मुस्लिम उलेमाओं द्वारा एक पहल की जा रही है। बताया जा रहा है कि उस दिन नमाज का वक्त दो घंटे आगे बढ़ाया जा सकता है। टाटशाह मस्जिद के मीडिया प्रभारी मोहम्मद आतिफ के अनुसार ऐसी बात आज इमाम मौलाना शमुशल कमर कादिरी ने कही है। उन्होंने बताया कि इस पर अभी विचार चल रहा दो दिन में बैठक कर फैसला लिया जाएगा। बता दे कि जुमे की नमाज सामान्य रूप से 12: 30 बजे से शुरू होकर दो बजे तक तक चलती है। यह समय अलग-अलग मस्जिदों द्वारा निर्धारित है। इसी को लेकर विचार किया जा रहा है कि होली वाले दिन इसे दो घंटे आगे कर दिया जाए जिससे हिंदू समाज अपना होली का पर्व बेहतर ढंग से मना ले।
यह भी पढ़ें- Prayagraj murder : ठेकेदार की चाकू गोदकर हत्या, नवनिर्मित मकान में शव फेंक बाहर से ताला लगाया
