पीलीभीत: तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आकर मादा तेंदुआ की मौत
पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत- माधोटांडा मार्ग पर जंगल क्षेत्र में सड़क पार कर रहा मादा तेंदुआ तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची टीम ने तेंदुए को रेस्क्यू किया। हालांकि करीब दो घंटे बाद उसकी मौत हो गई। रेंज स्टाफ ने वाहन को कब्जे में लिया है। तेंदुए के शव को रेंज कार्यालय रखा गया है। मृत मादा तेंदुआ की उम्र करीब दो वर्ष बताई जा रही है।
हादसा शनिवार शाम करीब छह बजे माला रेंज के अंतर्गत रिछौला क्षेत्र में जंगल सीमा में हुआ। जंगल से निकला एक मादा तेंदुआ पीलीभीत- मांधोटांडा मार्ग पार कर रहा था। इस दौरान तेंदुआ मार्ग से तेज रफ्तार में गुजरे पिकअप की चपेट में आ गया। गश्त में जुटे वनकर्मियों की नजर पड़ी तो चालक वाहन लेकर भागने लगा। बताते हैं कि वाहन के बीच में फंसा तेंदुआ करीब 200 मीटर तक घसीटने के बाद बाहर निकल सका। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया। जानकारी मिलने पर रेंज से भी टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को देख तेंदुए का रेस्क्यू करने का प्रयास किया।
मशक्कत कर टीम ने तेंदुए को पकड़कर पिंजरे में कैद किया। इससे पहले उसका उपचार शुरू हो पाता, तेंदुए की मौत हो गई। जानकारी पर जिला मुख्यालय से भी वन अफसर मौके पर पहुंचे। तेंदुए के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। फिलहाल तेंदुए के शव को माला रेंज कार्यालय में रखा गया है। टीम ने पिकअप को कब्जे में लिया है। मामले में विभागीय कार्रवाई की बात कही जा रही है। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि तेंदुए के शव को कब्जे में लिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रेस्क्यू के दौरान घायल हुआ वाचर
वाहन की चपेट में आकर घायल हुए मादा तेंदुए को पकड़ने के दौरान वन वाचर अनोखे लाल भी घायल हो गए। बताते हैं कि तेंदुए ने वाचर पर हमला कर दिया। इससे उसके पैर समेत अन्य जगह जख्म हो गए। वाचर को मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया है।
