Kanpur में महिला से ठगे 2.85 लाख: साइबर ठगों ने केवाईसी अपडेट करने के नाम पर दिया झांसा, रिपोर्ट दर्ज
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में साइबर ठग ने महिला को बैंककर्मी बनकर फोन किया। इसके बाद खाते की केवाईसी अपडेट करने के नाम पर मोबाइल पर एक लिंक भेजा। लिंक को क्लिक करते ही महिला के खाते से 2.85 लाख रुपये उड़ गए। जिसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रामादेवी गांधी ग्राम निवासी सरिता देवी के अनुसार चार मार्च 2025 को उनके मोबाइल पर अंजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम आशुतोष सिंह बताया और कहा कि वह बैंक का कर्मचारी बोल रहा है। फिर केवाईसी अपडेट न करने पर खाता बंद हो जाने व ऑनलाइन फ्रॉड हो जाने की बात कहीं।
इस पर पीड़िता आरोपी के झांसे में आ गईं। इस पर आरोपी ने एक लिंक उनके मोबाइल पर भेजा। आरोप है, कि छह मार्च को लिंक खोलते ही उनके खाते से 2.85 लाख रुपये निकल गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने घटना की जानकारी साइबर सेल और चकेरी थाने में की। इस संबंध में चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
