कानपुर: 11 दिनों में 3 लाख ने की मेट्रो की सवारी, अब टाइम बढ़ने की बारी

अभिषेक वर्मा/कानपुर, अमृत विचार। मोतीझील के आगे यात्री सेवा विस्तार के बाद मेट्रो की राइडरशिप लगातार बढ़ रही है। पिछले 11 दिनों में 3 लाख से अधिक यात्रियों ने मेट्रो की सवारी की है। बीते रविवार को यात्रियों की संख्या सर्वाधिक 34 हजार दर्ज की गई।
वीकेंड के अलावा आम दिनों में भी 25 हजार लोग एवरेज मेट्रो की सवारी कर रहे हैं। लगातार यात्रियों की संख्या के विस्तार होने से जहां मेट्रो अधिकारी गदगद हैं तो वहीं अब इसी के साथ रात में लखनऊ की तर्ज पर ही 10.30 बजे तक मेट्रो चलाने पर मंथन शुरू हो गया है। टाइम बढ़ने के बाद 30 मिनट और ट्रेन का संचालन होने लगेगा।
आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक अभी मेट्रो 14 स्टेशनों के बीच दिनभर में 123 राउंड दौड़ रही है। यह चक्कर रूट पर उतारी गईं 7 ट्रेने सुबह 6 से रात 10 बजे तक लगा रही हैं। यूपीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार मोतीझील के आगे अंडरग्राउंड सेक्शन शुरू होने के बाद मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। चुन्नीगंज को छोड़ दिया जाए तो नवीन मार्केट परेड, बड़ा चौराहा, नयागंज और सेंट्रल स्टेशन के बीच यात्रियों की आवाजाही ज्यादा है।
अधिकारियों के अनुसार यात्री सेवा के विस्तार के बाद नवीन मार्केट, जेड स्क्वायर मॉल, ग्रीनपार्क, बाबा आनन्देश्वर मंदिर परेड, पुस्तक बाजार एवं सोमदत्त प्लाजा के साथ ही नानाराव पार्क व अन्य घूमने वाले स्थलों की वजह से मेट्रो का उपयोग कर रहे हैं। माल रोड व आस-पास घूमने के लिये काफी संख्या में लोग निकलते हैं इसलिये शाम होते ही मेट्रो स्टेशनों में भीड़ बढ़ रही है।
कुल 32.4 किमी. में मेट्रो का निर्माण
कानपुर में दो कॉरिडोर में कुल 32.4 किमी. में मेट्रो का निर्माण कार्य हो रहा है। पहले कॉरिडोर में आईआईटी से नौबस्ता तक 23.8 किमी. में कार्य हो रहा है। इस रूट पर कुल 21 स्टेशन है। 14 में ट्रेन दौड़ रही है। अगले वर्ष की शुरुआत तक 7 नये स्टेशनों पर भी ट्रेन दौड़ाने का लक्ष्य है। इसमें आईआईटी से सेंट्रल स्टेशन तक ट्रेन दौड़ने लगी है। वहीं दूसरे कॉरिडोर में सीएसए यूनिवर्सिटी से बर्रा 8 तक 8.6 किमी. में मेट्रो का कार्य चल रहा है। इस कॉरिडोर में 8 मेट्रो स्टेशन होंगे। जिसका कार्य भी तेजी से चल रहा है।
ऐसे रही मेट्रो में भीड़
31 मई 25 हजार
1 जून 33 हजार
2 जून से 7 जून 25 हजार (प्रतिदिन औसतन)
8 जून 34 हजार
9 जून 32 हजार
10 जून 30 हजार
किराया सूची
1 स्टेशन तक यात्रा ₹10
2 स्टेशन तक यात्रा ₹15
3 से 6 स्टेशन तक यात्रा ₹20
7 से 9 स्टेशन तक यात्रा ₹30
10 से 13 स्टेशन तक यात्रा ₹40
क्या बोले अधिकारी
वीकेंड में यात्रियों की संख्या 34 हजार पहुंच गई है। अंडरग्राउंड सेक्शन के शुरू होने से लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। शाम को घूमने वाले व स्टेशन से अपने गंतव्य तक जाने वाले यात्री मेट्रो में यात्रा करना पसंद कर रहे हैं... पंचानन मिश्रा, उप महाप्रबंधक (जनसंपर्क विभाग), यूपीएमआरसी।