अमित शाह और योगी ने नवचयनित सिपाहियों को सौंपा नियुक्ति पत्र, देखें तस्वीरें
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के नवचयनित 60,244 सिपाहियों को आज केंद्रीय गृह मंत्री और सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, लखनऊ पहुंचे गए हैं। जहां मंच पर जोरदार नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया।

नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने की ओर अग्रसर है UP पुलिस: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "आज मेरे सामने बैठे युवाओं के जीवन का सबसे शुभ दिन है क्योंकि आज उत्तर प्रदेश के हर जाति, समुदाय और जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले 60 हजार से अधिक युवा भारत के सबसे बड़े पुलिस बल का सक्रिय हिस्सा बनने जा रहे हैं। राज्य की कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही थी। लेकिन 2017 में राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद और योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद, उत्तर प्रदेश पुलिस फिर से नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने की ओर अग्रसर होने लगी।"

सीएम ने कहा- आज यूपी पुलिस बल में 60244 युवाओं की भर्ती संपन्न हुई है
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 60,244 पुलिसकर्मियों की भर्ती एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब प्रधानमंत्री मोदी के देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष के कार्यकाल ने नए भारत के रूप में प्रत्येक भारतीय के जीवन में परिवर्तन लाने का काम किया है। पिछले 8 वर्षों में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है कि परीक्षा की सूचिता और पारदर्शिता क्या हो सकती है।"
सीएम योगी ने कहा कि हमने परीक्षा की सुचिता और पारदर्शिता के साथ भर्ती करके एक नया आयाम स्थापित किया है। आज शासन में हिस्सेदारी का लाभ गरीब, वंचित सभी को प्राप्त हो। यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है। आबादी की दृष्टि से यूपी सबसे बड़ा राज्य है, तो चुनौतियां भी अधिक थीं। लेकिन, आठ वर्षों में बिना रुके, बिना झुके, बिना डिगे काम किया।

अमित शाह और सीएम योगी नवचयनित सिपाहियों को सौंपा नियुक्ति पत्र
यहां डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री शाह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में संत कबीर नगर के सत्यम नायक को सबसे पहले नियुक्ति पत्र दिया। इसके बाद खीरी के प्रेम सागर, फर्रुखाबाद की शालिनी शाक्य, बलिया के उपेन्द्र यादव, बरेली की शिल्पा सिंह, कानपुर देहात के बीनू बाबू, महोबा के योगेन्द्र सिंह, उन्नाव के शिवांश पटेल, वाराणसी के मनीष त्रिपाठी और लखनऊ की रोशनजहां को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस भर्ती अभियान के तहत 60 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाना है। सिविल पुलिस सीधी भर्ती-2023 के तहत 48,196 पुरुष और 12,048 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। यह प्रक्रिया उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा संचालित की गई थी।

मंच भगवान राम की प्रतिमा भेंटकर सीएम ने किया शाह का अभिनंदन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम स्थल पहुंच गए हैं। जहां मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंटकर उनका का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी समेत कई मंत्री और पुलिस महानिदेश राजीव कृष्णा भी मौजूद हैं।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने की गृहमंत्री की तरीफ
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज गृहमंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई जारी है। हम जुलाई माह तक नक्सलवाद को देश से समाप्त कर देंगे।
https://twitter.com/CMOfficeUP/status/1934148156154839311
इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर अमित शाह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई मंत्रियों और भाजपा के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां से सीधे डिफेंस एक्सपो ग्राउंड के लिए रवाना हो गए।

बयान में कहा गया कि भर्ती अभियान में 48.17 लाख आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 15.49 लाख महिलाओं के थे। बड़े पैमाने के बावजूद, उन्नत तकनीक और सख्त पर्यवेक्षण के उपयोग से परीक्षा और चयन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हुई। राज्य सरकार ने कहा कि उसने न केवल समय पर भर्ती सुनिश्चित की है, बल्कि प्रशिक्षण मानकों को बढ़ाने के लिए भी कदम उठाए हैं।
बयान में कहा गया कि सभी चयनित उम्मीदवारों को आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके लिए प्रशिक्षण केंद्रों की क्षमता बढ़ाई गई है। नियुक्ति पत्र वितरण से पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि ‘नए भारत का नया उत्तर प्रदेश’ एक ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा आज लखनऊ में विश्व के सबसे बड़े पुलिस बल उत्तर प्रदेश पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा में चयनित 60,244 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।’’
उन्होंने कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘सुरक्षित उत्तर प्रदेश’ का संकल्प सिद्ध हो रहा है और युवाओं के सपने साकार हो रहे हैं। इससे पहले, अमित शाह का रविवार को लखनऊ आगमन पर अमौसी हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आादित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेताओं ने स्वागत किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी का उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आगमन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।’’
मुख्यमंत्री योगी ने ‘एक्स’ पर अपने खाते से पोस्ट कर कहा, ‘‘संस्कृति, संस्कार एवं साहित्य की साधना स्थली लखनऊ की सृजनशील धरा पर माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।’’ शाह का उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी समेत कई प्रमुख नेताओं ने स्वागत किया।
